शिक्षक से 10 हजार की मांग और धमकी का आरोप, यूट्यूबर दीपक यादव समेत 3 गिरफ्तार
बलरामपुर। शिक्षक को धमकाकर 10 हजार रुपये मांगने और सोशल मीडिया पर बदनाम करने की धमकी देने के आरोप में पस्ता पुलिस ने यूट्यूबर दीपक यादव समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, 25 अगस्त को आरोपियों ने शासकीय प्राथमिक शाला पुटसु पहुंचकर बिना अनुमति वीडियो बनाया। आरोप है कि फाउंडेशन के नाम पर 10 हजार रुपये की मांग की गई और रकम नहीं देने पर वीडियो वायरल करने तथा नौकरी से निलंबित करवाने की धमकी दी गई।
शिक्षक रुकमण बारीक की शिकायत पर पुलिस ने BNS की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया था। 14 अक्टूबर को तीनों आरोपियों ने न्यायालय में आत्मसमर्पण किया, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।