कंधे पर मोटरसाइकिल उठाकर बंद सड़क पार करने निकला युवक, पत्थरों की बारिश ने रोका कदम, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल!!
देवसारी मोटरमार्ग पर भूस्खलन के बीच जान जोखिम में डालकर बाइक निकालने की कोशिश, लोगों ने समझाइश देकर लौटाया वापस
लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने पर्वतीय क्षेत्रों में जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। चमोली जनपद की थराली तहसील अंतर्गत अवरुद्ध देवसारी मोटरमार्ग का एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक युवक अपनी मोटरसाइकिल को कंधे पर उठाकर बंद पड़े मार्ग को पहाड़ी के रास्ते पार कराने का साहसिक प्रयास करता दिखाई दे रहा है। हालांकि पहाड़ी से लगातार गिर रहे पत्थरों और मलबे के कारण उसे बीच रास्ते से ही वापस लौटना पड़ा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सड़क पर भारी भूस्खलन होने से यातायात पूरी तरह ठप है। ऐसे में युवक ने अपनी मोटरसाइकिल को किसी तरह सुरक्षित दूसरी ओर ले जाने की ठानी। उसने बाइक को कंधे पर उठाया और पहाड़ी की चढ़ाई शुरू कर दी, लेकिन ऊपर से लगातार गिरते पत्थरों ने स्थिति को बेहद खतरनाक बना दिया। जान का जोखिम बढ़ता देख आसपास मौजूद लोगों ने उसे आगे बढ़ने से रोका और समझाइश देकर वापस लौटा लिया।
वीडियो में मौजूद अन्य युवक उसे भरोसा दिलाते हुए दिखाई देते हैं कि उसकी मोटरसाइकिल सुरक्षित रहेगी और उसे उसके परिचित के पास रखवा दिया जाएगा। इसके बाद युवक ने अपनी जान को प्राथमिकता देते हुए जोखिम भरा प्रयास छोड़ दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा युवक जियो कंपनी का कर्मचारी बताया जा रहा है, जो कंपनी के कार्य से देवसारी क्षेत्र आया था। सड़क बंद होने के कारण उसकी मोटरसाइकिल वहीं फंस गई थी। वाहन को निकालने की जल्दबाजी में उसने ऐसा कदम उठाया, जिसे लोग साहस और लापरवाही—दोनों नजरियों से देख रहे हैं।
सौभाग्य से समय रहते उसने अपना निर्णय बदल लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
उधर, लगातार हो रही बारिश के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में कई सड़कें अभी भी बाधित हैं।
पहाड़ियों से लगातार पत्थर और मलबा गिरने के चलते लोगों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। प्रशासन लोगों से अपील कर रहा है कि बंद मार्गों पर किसी भी प्रकार का जोखिम उठाने से बचें और मौसम सामान्य होने तक सुरक्षित स्थानों पर ही रहें।
फिलहाल युवक का यह वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। लोग एक ओर उसके हौसले की सराहना कर रहे हैं, तो दूसरी ओर इसे जानलेवा जोखिम बताते हुए ऐसे कदमों से बचने की सलाह भी दे रहे हैं। #viralreels #uttarakhand #ChamoliUttarakhand #weather #flood #rain #facebookviral