विधायक मऊगंज श्री पटेल की अध्यक्षता में महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम संपन्न
---------
महिला एवं बाल विकास परियोजना हनुमना के तत्वावधान में महिला सशक्तिकरण के उद्देश्य से आयोजित कार्यक्रम में विधायक मऊगंज श्री प्रदीप पटेल ने महिलाओं से संवाद करते हुए महिला सशक्तिकरण, आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन तथा विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली। उन्होंने महिलाओं एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से योजनाओं के संचालन में आ रही समस्याओं तथा उनके निराकरण के संबंध में चर्चा की। साथ ही पात्र हितग्राहियों तक शासन की योजनाओं का लाभ प्रभावी ढंग से पहुंचाने पर जोर दिया।
विधायक श्री पटेल ने कहा कि महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाएं महिलाओं और बच्चों के समग्र विकास से जुड़ी महत्वपूर्ण योजनाएं हैं। इनका लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचाना तथा योजनाओं के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना आवश्यक है। उन्होंने ने कहा कि महिलाओं और बच्चों के कल्याण से जुड़ी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन शासन की प्राथमिकता है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता इन योजनाओं को धरातल तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने विधायक श्री प्रदीप पटेल, नगर परिषद अध्यक्ष श्री आशुतोष गुप्ता, परियोजना अधिकारी शंखधर त्रिपाठी एवं विकासखंड समन्वयक सर्वेश सिंह गहरवार को राखी बांधकर आत्मीयता एवं खुशी व्यक्त की।
कार्यक्रम में विभागीय योजनाओं के सफल संचालन, प्रभावी क्रियान्वयन तथा महिला सशक्तिकरण को और अधिक प्रभावी बनाने के संबंध में भी विचार-विमर्श किया गया। कार्यक्रम का संचालन विकासखंड समन्वयक द्वारा किया गया। इस अवसर पर परियोजना अधिकारी श्रीमती सविता श्याम, बृजेश मिश्रा, सेक्टर पर्यवेक्षक सहित विकासखंड हनुमना क्षेत्र की समस्त आंगनबाड़ी कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।
Jansampark Madhya Pradesh
Department Of Women Child Development, Madhya Pradesh
#mauganj