छत्तीसगढ़ में सरगुजा जिले के अम्बिकापुर स्थित प्रयास आवासीय विद्यालय में रैगिंग का रूह कंपा देने वाला मामला सामने आया है। यहां 3 सितंबर की देर रात करीब 11 बजे 12वीं के सीनियर छात्रों ने 11वीं के जूनियर छात्रों के साथ बेरहमी से मारपीट की। सीनियर्स के कहे अनुसार बात न मानने पर नाराज 12वीं के छात्रों ने हाथ में पहने भारी कड़े से दो जूनियर छात्रों के सिर पर जानलेवा हमला कर दिया। वार इतना गंभीर था कि दोनों छात्रों का सिर फट गया और वे मौके पर ही लहूलुहान होकर बेहोश हो गए।
हैरानी की बात यह रही कि इतनी बड़ी वारदात के बाद भी विद्यालय प्रबंधन ने परिजनों को कोई सूचना नहीं दी। जब पीड़ित छात्र किसी तरह गांधीनगर थाने पहुंचे, तब जाकर उन्होंने अपने परिजनों को आपबीती बताई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए 4 नाबालिग आरोपी छात्रों के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। इस खौफनाक घटना के बाद से आवासीय विद्यालय में रह रहे छात्रों में दहशत का माहौल है, वहीं परिजनों ने बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताई है।
#Ambikapur #SurgujaNews #BreakingNews #Ragging #ChhattisgarhCrime #SchoolNews #StudentSafety #FatafatNews