छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के भटगांव विधानसभा अंतर्गत ग्राम पंचायत परसिया में बदहाल और कच्ची सड़क को लेकर ग्रामीणों का अनिश्चितकालीन धरना व भूख हड़ताल जारी है। 3 सितंबर से शुरू हुए इस प्रदर्शन में स्थानीय जनपद सदस्य नेहा सिंह ग्रामीणों के साथ मंच पर डटी हुई हैं। सड़क की इस मांग को लेकर अब क्षेत्र में सियासी घमासान छिड़ गया है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर प्रदर्शन को "ड्रामा और रीलबाजी" बताते हुए आरोप लगाया गया कि कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के प्रयासों से सड़क का प्रस्ताव लगभग स्वीकृत हो चुका है, लेकिन तात्कालिक राहत के लिए मुरूम डलवाने के बजाय जनता को भूख हड़ताल पर बैठाया जा रहा है।
इसके पलटवार में जनपद सदस्य नेहा सिंह ने भी वीडियो जारी कर मंत्री पर सीधा निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन को ड्रामा बताने वाले खुद मौके पर आकर ग्रामीणों की सुध लें और लिखित प्रमाण दें कि सड़क स्वीकृत हो चुकी है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब ग्रामीण सालों से सड़क के लिए दर-दर भटक रहे थे, तब जनप्रतिनिधि क्या कर रहे थे? मंत्री बनाम जनपद सदस्य के इस जुबानी टकराव के बीच खराब सड़क की मार झेल रहे ग्रामीणों की निगाहें अब पक्की सड़क के ठोस समाधान पर टिकी हैं।
#Chhattisgarh #Surajpur #Bhatgaon #LaxmiRajwade #RoadProtest #ViralNews #GraminSamasya #BreakingNews #FatafatNews