सीईओ जिला पंचायत ने किया विकास कार्यों का किया निरीक्षण
-----
मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान अन्तर्गत मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्योपुर श्रीमती सौम्या आनंद ने ग्राम पंचायत गलमान्या, लुहाड़ सहित अन्य ग्रामों का भ्रमण कर विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों का जायजा लिया तथा शैक्षणिक संस्थाओं, आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का आंकलन किया गया।
सीईओ जिला पंचायत श्रीमती सौम्या आनंद ने ग्राम पंचायत गलमान्या के ग्राम मुंडला स्थित श्मशान घाट का निरीक्षण कर उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का अवलोकन किया तथा साफ सफाई एवं व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। इसके पश्चात निर्माणाधीन सामुदायिक भवन का निरीक्षण कर कार्य की गुणवत्ता, तकनीकी मापदंडों एवं स्वीकृत प्राक्कलन के अनुरूप निर्माण सुनिश्चित करने तथा शीघ्रता से कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने ग्राम मुंडला में बालाजी मंदिर के समीप स्थित कुंड एवं हैंडपंप का निरीक्षण किया। ग्रामीणों द्वारा जलापूर्ति संबंधी समस्याओं से अवगत कराने पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। पुराने सामुदायिक भवन का अवलोकन कर उसकी मरम्मत कराने के लिए सरपंच एवं सचिव को निर्देशित किया। साथ ही जनपद पंचायत मद से निर्मित छोटे सामुदायिक भवन के संचालन में निर्धारित शुल्क लिए जाने, ग्राम में नियमित स्वच्छता बनाए रखने तथा राजस्व वसूली के कार्यों में प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
मुंडला के प्राथमिक शाला के निरीक्षण के दौरान विद्यालय में दर्ज 63 विद्यार्थियों में से 20 विद्यार्थी उपस्थित पाये जाने पर विद्यार्थियों की उपस्थित बढाये जाने के निर्देश दिये गये। विद्यालय भवन की छत से पानी टपकने की समस्या पर शीघ्र मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए। मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता का निरीक्षण किया गया, जिसमें चना दाल, मूंग एवं रोटी परोसी जा रही थी। बच्चों से संवाद कर उनकी पढ़ाई की जानकारी ली तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। विद्यालय तक जाने वाले मार्ग को सुगम बनाने हेतु स्वीकृत सीसी सड़क का कार्य शीघ्र कराने के निर्देश भी दिए गए।
सीईओ जिला पंचायत श्रीमती सौम्या आनंद ने आंगनबाडी के निरीक्षण के दौरान ने पोषण ट्रैकर, आवश्यक दवाओं, आयुष्मान एवं अन्य अभिलेखों का अवलोकन किया तथा भोजन की गुणवत्ता संतोषजनक नहीं पाए जाने पर सुधार के निर्देश दिए।
ग्राम गलमान्या के प्राथमिक विद्यालय का भी निरीक्षण किया गया, जहां दर्ज 51 विद्यार्थियों में से 37 विद्यार्थी उपस्थित मिले। ऑनलाइन उपस्थिति का सत्यापन किया गया तथा बच्चों से संवाद कर उनकी शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी ली। एक श्रवण बाधित दिव्यांग छात्र के संबंध में उसे श्योपुर स्थित दिव्यांग विद्यालय में प्रवेश दिलाने की कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। विद्यालय के पुस्तक वितरण, रसोईघर एवं मध्यान्ह भोजन व्यवस्था का निरीक्षण कर विद्यार्थियों की उपस्थिति बढ़ाने तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। विद्यालय परिसर की साफ-सफाई के लिए भी सरपंच को निर्देशित किया गया।
ग्राम पंचायत गलमान्या के पंचायत भवन में संचालित आंगनबाड़ी केंद्र का भी निरीक्षण किया गया तथा ग्राम में मनोहर के मकान के सामने एमपीआरडीसी द्वारा निर्मित पुलिया का निरीक्षण किया। ग्रामीणों ने बताया कि पुलिया पर दोनों ओर सुरक्षा दीवार एवं रेलिंग का निर्माण नहीं किया गया है, जिससे वर्षा के समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है तथा आसपास के मकानों में पानी भर जाता है। इस संबंध में संबंधित विभाग को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
ग्राम पंचायत लुहाड़ के पंचायत भवन में मनरेगा एवं वित्त आयोग मद से संचालित कार्यों की समीक्षा की गई। निरीक्षण के दौरान श्रमिकों की संख्या शून्य पाए जाने पर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। पुराने पौधारोपण कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने तथा नवीन पौधारोपण अभियान के अंतर्गत 200 पौधे लगाने के निर्देश भी दिए गए।
निरीक्षण के दौरान पीओ मनरेगा श्री विक्रम जाट, पीओ वाटरशेड श्री पी.एस. राजपूत, पंचायत प्रकोष्ठ अधिकारी श्रीमती राजेश शर्मा, डीपीएम आरजीएसए श्री उदय सिंह धाकड़, प्रभारी स्टेनो श्री राघवेंद्र त्यागी , जिला डेटा मैनेजर गिर्राज शिवहरे सहित संबंधित पंचायत के सरपंचसहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
-
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
Panchayat, Rural Development and Social Welfare Department of Madhya Pradesh
General Administration Department, MP
#JanVishwasAbhiyan2026
#हर_शुक्रवार_जनता_के_नाम
#JansamparkMP
#sheopur