➡️सफलता की कहानी
आजीविका मिशन से बदली रेखा यादव की जिंदगी, आटा चक्की ने दिया आत्मनिर्भरता का आधार
--
कभी आर्थिक तंगी और सीमित आमदनी के कारण परिवार की जरूरतों को पूरा करने के लिए संघर्ष करने वाली ग्राम गोराखास निवासी श्रीमती रेखा यादव आज अपने मेहनत और आत्मविश्वास के बल पर आत्मनिर्भरता की ओर आगे बढ़ रही हैं।
मध्यप्रदेश ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़कर उन्होंने न केवल अपनी आजीविका को मजबूत किया, बल्कि परिवार की आर्थिक स्थिति में भी उल्लेखनीय सुधार किया है।
रेखा यादव वर्ष 2020 में 11 महिलाओं के समूह के साथ आजीविका मिशन से जुड़ीं। मिशन के माध्यम से उनके समूह का सीसीएलपी कराया गया, जिसके बाद रेखा ने 50 हजार रुपये का ऋण लेकर आटा चक्की का व्यवसाय शुरू किया। अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने के लिए उन्होंने दोबारा समूह के माध्यम से ऋण लेकर अपनी गतिविधियों का विस्तार किया। मेहनत और निरंतर प्रयासों का परिणाम यह रहा कि उनकी आय में लगातार वृद्धि होने लगी।
रेखा यादव बताती हैं कि आजीविका मिशन से जुड़ने से पहले वे आर्थिक रूप से काफी परेशान थीं। परिवार की सीमित आमदनी के कारण रोजमर्रा की आवश्यकताओं को पूरा करना भी चुनौतीपूर्ण था। आटा चक्की का व्यवसाय शुरू होने के बाद उनकी आर्थिक स्थिति में धीरे-धीरे सुधार आया। वर्तमान में आटा चक्की, पशुपालन एवं कृषि गतिविधियों से उन्हें नियमित आय प्राप्त हो रही है।
आजीविका मिशन से जुड़ने के बाद रेखा की व्यक्तिगत मासिक आय लगभग 13 हजार रुपये से बढ़कर 18 हजार रुपये तक पहुंची है। परिवार की आर्थिक स्थिति भी मजबूत हुई है। उन्होंने अपनी बढ़ी हुई आय का उपयोग परिवार की आवश्यकताओं को पूरा करने के साथ-साथ बच्चों की शिक्षा और अन्य जरूरी कार्यों में किया।
“मैं मध्यप्रदेश ग्रामीण आजीविका मिशन और शासन की योजनाओं के लिए हृदय से आभार व्यक्त करती हूं। समूह से जुड़ने और ऋण की सहायता मिलने से मुझे अपना व्यवसाय शुरू करने का अवसर मिला। आज मेरी आय बढ़ी है और मैं अपने परिवार की जरूरतों को बेहतर तरीके से पूरा कर पा रही हूं। मैं माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी और माननीय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी का भी हृदय से धन्यवाद एवं आभार व्यक्त करती हूं। सरकार की योजनाओं ने हम जैसी ग्रामीण महिलाओं को अपने पैरों पर खड़े होने और आत्मनिर्भर बनने का अवसर दिया है।”
- श्रीमती रेखा यादव, निवाड़ी
PMO India CM Madhya Pradesh Dr Mohan Yadav Jansampark Madhya Pradesh #NRLM #सेवा_संकल्प_अभियान #SevaSankalpAbhiyan #jansamparkMP #niwari
9 views | Niwari, Madhya Pradesh | Sep 30, 2026