पराली और नरवाई जलाने की घटनाओं को पूरी तरह से शून्य या न्यूनतम करने के उद्देश्य से शिवपुरी जिले में नरवाई मुक्त मध्यप्रदेश अभियान का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। यह प्रदेशव्यापी अभियान आगामी 20 नवंबर 2026 तक संचालित किया जाएगा, जिसके तहत जिलेभर में जागरूकता और प्रबंधन के कार्य तेजी से किए जा रहे हैं।
इस अभियान के क्रम में कृषि विज्ञान केन्द्र शिवपुरी, उप संचालक कृषि कार्यालय शिवपुरी तथा जिले के समस्त विकासखंडों यथा शिवपुरी, पोहरी, नरवर, कोलारस, बदरवास और पिछोर आदि में पराली एवं नरवाई प्रबंधन को लेकर लगातार कार्यक्रम व बैठकें आयोजित की जा रही हैं। आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से मैदानी अमले द्वारा किसानों को नरवाई प्रबंधन के तौर-तरीके समझाए जा रहे हैं और इसके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं।
उपसंचालक कृषि श्री मुनेश कुमार शाक्य ने बताया कि आयोजित शिविरों और बैठकों में उपस्थित कृषकों को विस्तार से बताया जा रहा है कि पराली जलाने से पर्यावरण को कितना गंभीर नुकसान होता है। इसके साथ ही खेतों में आग लगाने से किसानों के मित्र कीटों की हानि होती है, भूमि की उर्वरा शक्ति का ह्रास होता है और आगजनी से जान-माल का भारी नुकसान होने की संभावना बनी रहती है। क्षेत्रीय मैदानी अमले द्वारा ग्रामों में घर-घर भ्रमण कर किसानों को नरवाई न जलाने की सख्त समझाइश दी जा रही है।
किसानों को पराली जलाने से रोकने के लिए वैकल्पिक व्यवस्थाओं के तहत आधुनिक कृषि यंत्रों के उपयोग को बढ़ावा दिया जा रहा है। विभाग द्वारा हैप्पीसीडर, सुपरसीडर, रोटोकल्टीवेटर, वेलर और मल्चर जैसे उन्नत कृषि यंत्रों का खेतों में प्रत्यक्ष प्रदर्शन कर किसानों को इनका लाभ समझाया जा रहा है तथा इनका अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।
Department of Agriculture, Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
Shivpuri, Madhya Pradesh | Nov 2, 2026