हर घर तिरंगा अभियान के तहत विदिशा में निकली भव्य तिरंगा रैली, देशभक्ति के रंग में रंगा शहर
..
हर घर तिरंगा अभियान के तहत रविवार को विदिशा जिला मुख्यालय पर भव्य तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। रैली में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों, सामाजिक संगठनों, गणमान्य नागरिकों, स्कूली विद्यार्थियों एवं स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। हाथों में तिरंगा लेकर निकले प्रतिभागियों ने देशभक्ति के नारों के साथ नागरिकों में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और राष्ट्रप्रेम की भावना का संदेश दिया।
तिरंगा रैली का शुभारंभ खेल स्टेडियम से हुआ। रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई नीमताल पहुंची, जहां इसका समापन किया गया। रैली के दौरान पूरे मार्ग पर देशभक्ति का माहौल नजर आया। बड़ी संख्या में विद्यार्थियों और युवाओं ने हाथों में तिरंगा लेकर सहभागिता की तथा भारत माता और राष्ट्रध्वज के सम्मान में नारे लगाए।
रैली के समापन स्थल पर विदिशा विधायक श्री मुकेश टंडन ने महात्मा गांधी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके पश्चात उन्होंने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि हर घर तिरंगा अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश के प्रति नागरिकों की एकजुटता, राष्ट्रभक्ति और गौरव की अभिव्यक्ति है। राष्ट्रीय ध्वज हमारे स्वतंत्रता संग्राम, देश के गौरव और राष्ट्र की एकता का प्रतीक है। उन्होंने नागरिकों से अभियान में सक्रिय सहभागिता करते हुए अपने घरों पर तिरंगा फहराने का आह्वान किया।
रैली में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री ओपी सनोडिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक एवं स्वयंसेवी संगठनों के पदाधिकारी और प्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक तथा बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे शामिल हुए। हर घर तिरंगा अभियान के माध्यम से जिले में नागरिकों को राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और गौरव की भावना से जोड़ने के साथ ही स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रत्येक घर तक तिरंगे की पहुंच सुनिश्चित करने का संदेश दिया जा रहा है। तिरंगा रैली ने शहरवासियों में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को और मजबूत किया। #vidisha #JansamparkMP
122 views | Vidisha, Madhya Pradesh | Aug 9, 2026