*पीएम किसान सम्मान निधि योजना की 23वीं किस्त जारी, जिले के 41,713 किसानों के खाते में भेजी गई ₹8.34 करोड़ की राशि*
आज दिनांक 20 जून, 2026 को तारकेश्वर, हुगली (पश्चिम बंगाल) से माननीय प्रधानमंत्री, भारत सरकार द्वारा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) योजना की 23वीं किस्त जारी की गई। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम का सीधा प्रसारण जहानाबाद जिले के सभी प्रखंड मुख्यालयों एवं जिला स्तर पर संयुक्त कृषि भवन, काको रोड, जहानाबाद में किया गया, जिसमें जिले के सैकड़ों किसानों एवं कृषि विभाग के पदाधिकारियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान जिला कृषि पदाधिकारी, जहानाबाद श्रीमती संभावना ने उपस्थित किसानों को संबोधित करते हुए बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना भारत सरकार की एक महत्वपूर्ण केंद्रीय क्षेत्र की योजना है, जिसके तहत पात्र किसान परिवारों को प्रतिवर्ष ₹6,000 की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। यह राशि ₹2,000 की तीन समान किस्तों में सीधे किसानों के बैंक खातों में डीबीटी (Direct Benefit Transfer) के माध्यम से हस्तांतरित की जाती है।
उन्होंने बताया कि योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए किसान का भूमिधारी होना, भूमि अभिलेखों का अद्यतन होना, आधार संख्या का बैंक खाते से लिंक होना तथा ई-केवाईसी पूर्ण होना आवश्यक है। योजना के लिए आधार कार्ड, बैंक पासबुक, मोबाइल नंबर एवं भूमि संबंधी दस्तावेजों की आवश्यकता होती है। इच्छुक किसान पीएम-किसान पोर्टल, नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) अथवा कृषि कार्यालय के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
जिला कृषि पदाधिकारी ने जानकारी दी कि पीएम-किसान योजना की 23वीं किस्त के अंतर्गत जहानाबाद जिले के कुल 41,713 किसानों के बैंक खातों में ₹8 करोड़ 34 लाख 26 हजार रुपये की राशि सीधे हस्तांतरित की गई है। इससे किसानों को कृषि कार्यों के संचालन, बीज, उर्वरक एवं अन्य कृषि निवेशों की व्यवस्था करने में सहायता मिलेगी।
जिला प्रशासन, जहानाबाद किसानों से अपील करता है कि जिन किसानों का ई-केवाईसी अथवा आधार सीडिंग अभी तक पूर्ण नहीं हुआ है, वे शीघ्र आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर योजना का लाभ प्राप्त करना सुनिश्चित करें।
#जिला_प्रशासन_जहानाबाद
#IPRDBihar
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
59 views | Jehanabad, Bihar | Jun 20, 2026