#बालाघाट
अपर कलेक्टर जीएस धुर्वे और सहायक ग्रेड-02 रजनी श्रीवास्तव को सेवानिवृत्ति पर दी गई भावभीनी विदाई
34 और 39 वर्ष की शासकीय सेवा पूर्ण कर हुए सेवानिवृत्त
अपर कलेक्टर श्री जीएस धुर्वे ने 34 वर्ष की शासकीय सेवा तथा कलेक्ट्रेट कार्यालय में पदस्थ सहायक ग्रेड-02 श्रीमती रजनी श्रीवास्तव ने 39 वर्ष की शासकीय सेवा पूर्ण कर 31 अगस्त 2026 को अपने पद से सेवानिवृत्ति ली। इस अवसर पर कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में दोनों अधिकारियों-कर्मचारियों को भावभीनी विदाई दी गई।
विदाई कार्यक्रम में कलेक्टर श्री कुमार सत्यम, जिला पंचायत सीईओ सुश्री तनुश्री मीणा, अपर कलेक्टर श्री डीपी बर्मन, संयुक्त कलेक्टर श्री राहुल नायक, श्री विजय यादव, श्री एमआर कोल, डिप्टी कलेक्टर श्री श्रीश प्यास सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में अपर कलेक्टर श्री धुर्वे की पत्नी एवं दोनों बेटियां भी मौजूद रहीं।
इस अवसर पर कलेक्टर श्री कुमार सत्यम ने कहा कि 31 अगस्त का दिन संयोग का दिन है। इसी दिन जिला पंचायत सीईओ सुश्री तनुश्री मीणा ने बालाघाट का कार्यभार संभाला और अपर कलेक्टर श्री जीएस धुर्वे शासकीय सेवा से सेवानिवृत्त हो रहे हैं। यह एक पीढ़ी के जाने और दूसरी पीढ़ी के आने जैसा है। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक कार्यों में अपर कलेक्टर की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। श्री धुर्वे की कार्यक्षमता और कार्यप्रणाली से उन्हें भी जिले में मुख्यमंत्री के आगमन सहित अन्य महत्वपूर्ण कार्यक्रमों की तैयारियों में काफी सहयोग मिला। उनकी सेवानिवृत्ति से उनकी कमी महसूस होगी।
कलेक्टर ने कलेक्ट्रेट कार्यालय की वरिष्ठ शाखा में सहायक ग्रेड-02 के रूप में कार्यरत श्रीमती रजनी श्रीवास्तव की कार्यालयीन कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका का उल्लेख किया। उन्होंने श्रीमती श्रीवास्तव के स्वस्थ, सुखी एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।
अपर कलेक्टर श्री धुर्वे ने अपने संबोधन में बताया कि उन्होंने 15 जनवरी 1992 को नायब तहसीलदार के पद से शासकीय सेवा की शुरुआत की थी। 34 वर्ष की सेवा के दौरान उन्होंने छतरपुर, नर्मदापुरम, गुना, अशोकनगर, भोपाल सहित अनेक जिलों में सेवाएं दीं। विदाई समारोह में सेवानिवृत्त हो रहे अपर कलेक्टर श्री जीएस धुर्वे एवं सहायक ग्रेड-02 श्रीमती रजनी श्रीवास्तव का शाल एवं श्रीफल भेंट कर स्वागत किया गया। अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ओर से दोनों को स्मृति चिह्न प्रदान कर उनके सुखद, स्वस्थ एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।
#CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #gaddeptmp
11 views | Balaghat, Madhya Pradesh | Aug 31, 2026