#बालाघाट
सीएमएचओ ने बैहर, परसवाड़ा और लामता स्वास्थ्य केंद्रों का किया निरीक्षण
मौसमी बीमारियों की तैयारियों का लिया जायजा, लामता में साफ-सफाई को लेकर लगाई फटकार
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. परेश उपलप ने आज 31 अगस्त को जिले के स्वास्थ्य संस्थानों का निरीक्षण कर मौसमी बीमारियों से निपटने की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने सिविल अस्पताल बैहर, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परसवाड़ा तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लामता का विजिट किया।
निरीक्षण के दौरान सीएमएचओ ने स्वास्थ्य संस्थानों में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, दवाओं, साफ-सफाई तथा मरीजों के उपचार की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने स्वास्थ्य अमले को मौसमी बीमारियों को लेकर सतर्क रहने तथा मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लामता में साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं पाए जाने पर सीएमएचओ ने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित कर्मचारियों को व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि स्वास्थ्य केंद्रों में स्वच्छता व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
डॉ. उपलप ने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मचारियों को मुख्यालय में अनिवार्य रूप से रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी परिस्थिति में स्वास्थ्य कर्मचारी मुख्यालय छोड़कर न जाएं और मुख्यालय में रहकर जरूरतमंद मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराएं। उन्होंने मौसमी बीमारियों के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं को सुचारू बनाए रखने के लिए सभी अधिकारियों-कर्मचारियों को पूरी गंभीरता से कार्य करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिला शीघ्र हस्तक्षेप प्रबंधक बालाघाट श्री राजाराम चक्रवर्ती सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
#CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #healthminmp
11 views | Balaghat, Madhya Pradesh | Aug 31, 2026