डीसीपी अमरिंदर सिंह ने एमडीसी थाना का किया निरीक्षण
लंबित मामलों की समीक्षा कर समयबद्ध एवं निष्पक्ष कार्रवाई के दिए निर्देश, फील्ड में तैनात जवानों को बांटी विंटर रिफ्लेक्टर जैकेट, उत्कृष्ट सेवाओं के लिए 26 पुलिसकर्मियों को किया सम्मानित
पंचकूला :- आमजन की शिकायतों का निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध निपटारा सुनिश्चित करना तथा प्रत्येक नागरिक को न्याय दिलाना पंचकूला पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी दिशा में पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन के नेतृत्व में वरिष्ठ पुलिस अधिकारी लगातार थानों एवं चौकियों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं और कार्यप्रणाली की समीक्षा कर रहे हैं। इसी कड़ी में बीती शाम डीसीपी अमरिंदर सिंह ने एमडीसी थाना का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत पर गंभीरता से कार्रवाई करते हुए उसका निर्धारित समय में निपटारा सुनिश्चित करें, ताकि किसी भी शिकायतकर्ता को न्याय के लिए अनावश्यक इंतजार न करना पड़े।
निरीक्षण के दौरान डीसीपी अमरिंदर सिंह ने थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राजेश कुमारी, चौकी इंचार्ज और जांच अधिकारियों के साथ बैठक कर लंबित मुकदमों एवं शिकायतों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि पुराने लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए और प्रत्येक शिकायत पर निष्पक्षता से कार्रवाई की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी शिकायतकर्ता को बार-बार थाने के चक्कर न लगाने पड़ें और कोई भी शिकायत बिना उचित कार्रवाई के लंबित न रहे। पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि जांच के दौरान सभी तथ्यों और साक्ष्यों को ध्यान में रखते हुए पीड़ितों को समय पर न्याय दिलाना सुनिश्चित करें।
थाने के भौतिक निरीक्षण के दौरान डीसीपी ने शस्त्रागार में रखे हथियारों की जांच की और पुलिसकर्मियों की कार्यदक्षता का जायजा लिया। इसके अलावा विभिन्न मुकदमों में जब्त वाहनों, रिकॉर्ड रूम और मालखाने का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को सभी अभिलेख व्यवस्थित रखने तथा सुरक्षा संबंधी निर्धारित मानकों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने थाने में तैनात पुलिसकर्मियों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी भी ली और उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
आगामी सर्दी एवं धुंध के मौसम को देखते हुए फील्ड में तैनात पुलिसकर्मियों की सुरक्षा के लिए डीसीपी अमरिंदर सिंह ने राइडर एवं अन्य फील्ड ड्यूटी पर तैनात जवानों को विंटर रिफ्लेक्टर जैकेट वितरित कीं। ये जैकेट जवानों को ठंड से बचाने के साथ-साथ कोहरे और कम दृश्यता के दौरान सड़क पर उनकी पहचान को स्पष्ट बनाए रखने में भी सहायक होंगी, जिससे ड्यूटी के दौरान उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
इसके अतिरिक्त, पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ाने और उत्कृष्ट कार्यों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से डीसीपी ने सराहनीय सेवाएं देने वाले 26 पुलिसकर्मियों को मौके पर ही प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने पुलिसकर्मियों की मेहनत, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि अच्छे कार्यों को सम्मानित करने से न केवल संबंधित कर्मचारियों का उत्साह बढ़ता है, बल्कि अन्य पुलिसकर्मियों को भी बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलती है।
इस अवसर पर पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन ने कहा कि पंचकूला के सभी थानों, चौकियों और महत्वपूर्ण पुलिस यूनिट्स का नियमित निरीक्षण करने का उद्देश्य पुलिस व्यवस्था को अधिक जवाबदेह, पारदर्शी और जनहितैषी बनाना है। प्रत्येक नागरिक को समय पर न्याय दिलाना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और अधिकारियों को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि हर शिकायत को गंभीरता से सुनकर उसका निष्पक्ष एवं समयबद्ध समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास मजबूत करने के लिए संवेदनशीलता, जवाबदेही और पारदर्शिता के साथ कार्य करना आवश्यक है। साथ ही, ईमानदारी एवं समर्पण से ड्यूटी निभाने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित करना पूरी फोर्स को उत्कृष्ट कार्य करने के लिए प्रेरित करता है।
इस अवसर पर एमडीसी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राजेश कुमारी, टूरिस्ट पुलिस पोस्ट इंचार्ज, सभी जांच अधिकारी एवं अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
#panchkula #panchkulanews #panchkulasocialmedia