हरदोई में दलित महिला पर जानलेवा हमला, पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप
.
#हरदोई: जनपद के थाना सण्डीला क्षेत्र के ग्राम अटवा भदसेन में एक दलित महिला के साथ कथित रूप से जातिसूचक गालियां देते हुए दबंगों द्वारा मारपीट और जानलेवा हमला किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। पीड़िता ने पुलिस पर आरोप लगाया है कि घटना के 36 घंटे बाद भी न तो उसकी एफआईआर दर्ज की गई और न ही मेडिकल परीक्षण कराया गया। उल्टा पुलिस ने पीड़िता और उसके पति पर ही मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई कर दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम अटवा भदसेन निवासी कान्ती पत्नी रामऔतार पासी ने पुलिस अधीक्षक हरदोई को दिए गए शिकायती पत्र में बताया कि वह अनुसूचित जाति पासी समाज की महिला हैं। आरोप है कि 25 जून 2026 की सुबह करीब 8:30 बजे वह अपने घर के बाहर कूड़ा डाल रही थीं, तभी गांव के ही दबंग राजू सिंह वहां पहुंचे और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपित ने अपने साथियों नत्थू सिंह, मनेश्वर सिंह, संजय सिंह, मोहित सिंह, रोहित सिंह, जोगेश सिंह, सोनम सिंह, आरती, मोनिका सहित अन्य लोगों को मौके पर बुला लिया।
पीड़िता का आरोप है कि सभी आरोपितों ने उन्हें घेर लिया और जान से मारने की धमकी देते हुए लाठी-डंडों तथा धारदार हथियारों से हमला कर दिया। इस हमले में महिला के सिर में गंभीर चोटें आईं तथा शरीर पर कई अंदरूनी और बाहरी घाव हो गए। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपित जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
घायल महिला को पहले सीएचसी कोथावाँ ले जाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल हरदोई रेफर कर दिया गया। पीड़िता का कहना है कि उन्होंने घटना की सूचना थाना सण्डीला में दी थी, लेकिन पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के बजाय उन्हीं पति पत्नी पर मुकदमा दर्ज कर दिया।
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस चौकी मल्हेरा इंचार्ज अनुज कुमार ने विपक्षियों से सांठगांठ कर मामले को दबाने का प्रयास किया और स्वयं ही मामले में मुकदमा दर्ज करा दिया। इससे पीड़िता न्याय के लिए कोतवाली सण्डीला सहित उच्च अधिकारियों के चक्कर काटने को मजबूर है।
अब पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक हरदोई से निष्पक्ष जांच कराते हुए आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने, मेडिकल परीक्षण कराने तथा परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित किए जाने की मांग की है।
#रिपोर्ट: पुनीत मिश्रा/बेनीगंज
Hardoi, Hardoi | Jun 27, 2026