चंबल के अवैध रेत कारोबार पर प्रहार, 10 लाख की रेत मिट्टी में मिलाई
मुरैना पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना के निर्देश पर जिले में अवैध रेत परिवहन, उत्खनन और भंडारण के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सरायछौला पुलिस एवं वन विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र पाल सिंह डावर के निर्देशन एवं नगर पुलिस अधीक्षक दीपाली चन्दौरिया के मार्गदर्शन में बुधवार को ग्राम मृगपुरा में अवैध रूप से भंडारित रेत के खिलाफ कार्रवाई की गई।
संयुक्त टीम ने ग्राम मृगपुरा में दबिश देकर करीब 500 ट्रॉली (लगभग 1000 घनमीटर) रेत अवैध रूप से भंडारित पाई। इसके बाद पुलिस एवं वन विभाग की टीम ने 1 जेसीबी और 2 लोडर की मदद से करीब 10 लाख रुपये मूल्य की इस रेत को मिट्टी में मिलाकर नष्ट कर दिया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि चंबल नदी क्षेत्र में अवैध रेत खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।