मुरैना ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर ‘आरोह-2026’ का गरिमामय समापन, दो हजार से अधिक खिलाड़ियों ने लिया प्रशिक्षण*
मुरैना, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के मार्गदर्शन तथा जिला प्रशासन के सहयोग से आयोजित ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर ‘आरोह-2026’ का बुधवार को खेल स्टेडियम मुरैना में उत्साहपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में समापन हुआ। समापन समारोह में महापौर श्रीमती शारदा सोलंकी, पुलिस अधीक्षक श्री धर्मराज मीणा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री कमलेश कुमार भार्गव सहित विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य नागरिक, खेल प्रशिक्षक, खिलाड़ी एवं अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
समारोह को संबोधित करते हुए महापौर श्रीमती शारदा सोलंकी ने कहा कि विद्यार्थियों के समग्र एवं संतुलित विकास के लिए शिक्षा के साथ खेल गतिविधियों में सहभागिता भी अत्यंत आवश्यक है। खेल न केवल शारीरिक क्षमता को सुदृढ़ बनाते हैं, बल्कि मानसिक संतुलन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और व्यक्तित्व विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
पुलिस अधीक्षक श्री धर्मराज मीणा ने खिलाड़ियों को प्रेरित करते हुए कहा कि खेल जीवन का सशक्त विद्यालय हैं, जो अनुशासन, टीम भावना, धैर्य, सहनशीलता और लक्ष्य के प्रति समर्पण का भाव विकसित करते हैं। उन्होंने कहा कि सफलता का मार्ग संघर्ष और सतत प्रयासों से होकर गुजरता है, इसलिए जीवन में आने वाली चुनौतियों से कभी विचलित नहीं होना चाहिए।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री कमलेश कुमार भार्गव ने कहा कि स्पष्ट लक्ष्य, दृढ़ संकल्प और निरंतर परिश्रम सफलता की आधारशिला हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से जीत और हार दोनों परिस्थितियों को सकारात्मक दृष्टिकोण से स्वीकार करते हुए निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के प्रारंभ में संभागीय खेल अधिकारी श्री प्रशांत कुशवाह ने स्वागत उद्बोधन देते हुए शिविर की उपलब्धियों एवं गतिविधियों की जानकारी प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि 11 मई से 15 जून 2026 तक आयोजित इस प्रशिक्षण शिविर में एथलेटिक्स, फुटबॉल, बैडमिंटन, ताइक्वांडो, हॉकी, टेनिस, थ्रोबॉल, पिट्ठू, योग, कबड्डी, खो-खो, जुम्बा, कलारीपयट्टू तथा क्रिकेट सहित विभिन्न खेल विधाओं में दो हजार से अधिक बालक एवं बालिकाओं ने प्रशिक्षण प्राप्त किया।
समापन अवसर पर प्रशिक्षित खिलाड़ियों द्वारा विभिन्न खेल विधाओं का आकर्षक एवं प्रभावशाली प्रदर्शन प्रस्तुत किया गया, जिसकी अतिथियों ने मुक्त कंठ से सराहना की। शिविर के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही प्रशिक्षकों एवं खिलाड़ियों के योगदान को भी विशेष रूप से सराहा गया।
कार्यक्रम में विभिन्न खेलों के प्रशिक्षक, व्यापार मंडल के पदाधिकारी, जेके टायर के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में खिलाड़ी एवं अभिभावक उपस्थित रहे। अंत में खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा सभी अतिथियों, प्रशिक्षकों, खिलाड़ियों एवं सहयोगी संस्थाओं के प्रति आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम का संचालन श्री श्याम सिकरवार ने किया।