#सेवा_संकल्प_अभियान
#सेवा_की_कहानी
पीएमएफएमई योजना ने बदली विनोद की तकदीर,
मिल्क प्रोसेसिंग यूनिट से सालाना कर रहे हैं 50 से 60 लाख की कमाई
केन्द्र एवं राज्य शासन की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना (पीएमएफएमई) जिले के युवाओं को स्वावलंबी बनाकर सूक्ष्म उद्यमी के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। इसी योजना ने विकासखण्ड सुसनेर के ग्राम मोड़ी निवासी श्री विनोद कुमार राठौर की तकदीर बदल दी है।
पूर्व में श्री राठौर केवल कच्चा दूध विक्रय का कार्य करते थे, जिससे उन्हें सीमित आय होती थी। उन्होंने अपने व्यवसाय को विस्तार देकर वैल्यू एडिशन करने का संकल्प लिया। इस हेतु उन्होंने उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग से संपर्क किया। उद्यानिकी के अधिकारियों के मार्गदर्शन में श्री राठौर ने पीएमएफएमई योजना के तहत मिल्क प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित करने का निर्णय लिया।
विभाग द्वारा उन्हें विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार करने, बैंक ऋण स्वीकृति कराने तथा खाद्य सुरक्षा मानकों एवं हाइजीनिक प्रोसेसिंग के संबंध में पूर्ण तकनीकी एवं वित्तीय परामर्श दिया गया। योजना के तहत उन्हें 35 प्रतिशत क्रेडिट लिंक्ड अनुदान का लाभ प्राप्त हुआ। प्राप्त अनुदान एवं बैंक ऋण की सहायता से उन्होंने अपनी इकाई में आधुनिक मिल्क प्रोसेसिंग मशीनें, पाश्चराइजर, खोया मशीन, पनीर प्रेस एवं डीप फ्रीजर जैसी आधुनिक संसाधन स्थापित करवाए।
आधुनिक मिल्क प्रोसेसिंग यूनिट प्रारंभ होने से उनके व्यवसाय एवं उनके जीवन में अभूतपूर्व आया है। अब केवल कच्चा दूध बेचने के स्थान पर उनकी इकाई में शुद्ध एवं हाइजीनिक तरीके से पनीर, मावा, खोया, दही, लस्सी, मक्खन और शुद्ध देशी घी का निर्माण किया जा रहा है। इससे उनके उत्पादों की बाजार में माँग बढ़ी है। इस यूनिट से श्री राठौर के परिवार को सालाना 50 से 60 लाख रूपये की आय प्राप्त हो रही है।
इस इकाई ने स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन का भी महत्वपूर्ण कार्य किया है। यूनिट के संचालन एवं वितरण कार्य में स्थानीय युवाओं को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार प्राप्त हुआ है। विशेष बात यह है कि श्री राठौर के परिवार के सभी 8 सदस्य इसी व्यवसाय में संलग्न होकर आत्मनिर्भर बने हैं।
श्री विनोद कुमार राठौर ने कहा कि पीएमएफएमई योजना ने न केवल उनके व्यवसाय को नई पहचान दी है, बल्कि उनके संपूर्ण परिवार को रोजगार देकर उन्हें एक सफल सूक्ष्म उद्यमी बनने का अवसर प्रदान किया है। इसके लिए उन्होंने उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग तथा केन्द्र व राज्य शासन का हृदय से आभार व्यक्त किया है।
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
Department of Horticulture, Madhya Pradesh
#agarmalwa
#आगरमालवा
37 views | Agar Malwa, Madhya Pradesh | Oct 17, 2026