हमीरपुर में बच्चों के विवाद में युवक की कुल्हाड़ी से हत्या, बिवार पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
हमीरपुर। बिवार थाना क्षेत्र के उपरी गांव में बच्चों के बीच हुए विवाद को लेकर एक युवक की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी गई। मामले में पुलिस ने नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, 19 अक्टूबर 2026 को ग्राम उपरी निवासी कमलेश का पुरवा में बच्चों के बीच हुए विवाद को लेकर सुरेश पुत्र लक्ष्मी वर्मा ने रामकरन पुत्र पुराने अनुरागी के भाई छोटे वर्मा पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया था। हमले में छोटे वर्मा की मौत हो गई। घटना की सूचना पर बिवार पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा एवं पोस्टमार्टम की कार्रवाई की।
मृतक के परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने 20 अक्टूबर को आरोपी सुरेश पुत्र लक्ष्मी वर्मा निवासी कमलेश का पुरवा, ग्राम उपरी के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 207/2026 के तहत धारा 103(1)/352 बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया।
सायर-कुरारा मार्ग से आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने 21 अक्टूबर को कार्रवाई करते हुए आरोपी सुरेश वर्मा (करीब 38 वर्ष) को सायर-कुरारा मार्ग पर गोशाला पुलिया से आगे ग्राम उपरी के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद की।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है और उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम
कार्रवाई में बिवार थाना प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक सत्यम पति त्रिपाठी, उपनिरीक्षक विजय बहादुर यादव और कांस्टेबल सिद्धार्थ राव शामिल रहे।