राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस पर किशोरी बालिकाओं को खिलाई कृमिनाशक दवा
सांसद श्री शिवमंगल सिंह तोमर ने किया अभियान का शुभारंभ, लगभग 700 बालिकाओं ने किया दवा का सेवन
राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अवसर पर मंगलवार को शासकीय कन्या महारानी लक्ष्मीबाई उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-1, मुरैना में कृमिनाशक दवा सेवन अभियान का शुभारंभ किया गया। मुरैना-श्योपुर के सांसद श्री शिवमंगल सिंह तोमर ने किशोरी बालिकाओं को कृमिनाशक दवा खिलाकर अभियान की शुरुआत की। इस दौरान विद्यालय की लगभग 700 किशोरी बालिकाओं को कृमिनाशक दवा का सेवन कराया गया।
इस अवसर पर सांसद श्री शिवमंगल सिंह तोमर ने राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस अभियान के महत्व और कृमि संक्रमण से होने वाली स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कृमि संक्रमण बच्चों एवं किशोरियों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकता है। इसके कारण एनीमिया और कुपोषण जैसी समस्याएं उत्पन्न होने की आशंका रहती है। निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार कृमिनाशक दवा का सेवन करने से कृमि संक्रमण की रोकथाम में मदद मिलती है। उन्होंने सभी पात्र बच्चों एवं किशोरियों से अभियान के अंतर्गत कृमिनाशक दवा का सेवन करने तथा स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की अपील की।
अभियान के दौरान किसी कारणवश दवा का सेवन नहीं कर पाने वाले बच्चों को 9 अक्टूबर 2026 को आयोजित होने वाले मॉप-अप राउंड में कृमिनाशक दवा का सेवन कराया जाएगा। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र बच्चा दवा सेवन से वंचित न रहे और अभियान का लाभ सभी लक्षित बच्चों तक पहुंचे।
राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का यह कार्यक्रम कलेक्टर श्री लोकेश कुमार जांगिड़ के निर्देशन तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पदमेश उपाध्याय की उपस्थिति में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. अजय गोयल, सीबीएमओ डॉ. धर्मेन्द्र गुप्ता, डॉ. अभिषेक शर्मा, माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-1 के प्राचार्य श्री राकेश शर्मा, श्रीमती अंजना शर्मा सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, जिला कार्यक्रम प्रबंधक श्री एस.पी. श्रीवास्तव तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
#JansamparkMP #morena2026 #Morena #MadhyaPradesh Jansampark Madhya Pradesh
25 views | Morena, Madhya Pradesh | Oct 6, 2026