मलेरिया जागरूकता हेतु जवाहर नवोदय विद्यालय में स्वास्थ्य टीम का भ्रमण
-----
कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा के मार्गदर्शन एवं जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. एसएन बिंदल के निर्देशन में आज मलेरिया नियंत्रण एवं रोकथाम अभियान के अंतर्गत ग्राम जैदा स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय का स्वास्थ्य टीम द्वारा भ्रमण किया गया।
भ्रमण के दौरान एम.आई. श्री मानसिंह पारस, एम.आई. श्री श्यामलाल बाथम एवं एम.टी.एस. श्री अरविन्द गर्ग द्वारा आशा कार्यकर्ताओं के सहयोग से बुखार से पीड़ित 26 बच्चों की आर.डी.टी. द्वारा मलेरिया की जांच की गई, जांच में किसी भी बच्चे की मलेरिया रिपोर्ट पॉजिटिव नहीं पाई गई।
इस दौरान एम.आई. श्री श्यामलाल बाथम द्वारा विद्यालय के स्टाफ एवं विद्यार्थियों को मलेरिया से बचाव, मच्छरों के प्रजनन स्थलों की रोकथाम तथा मच्छरजनित रोगों से बचाव के उपायों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।
स्वास्थ्य दल द्वारा विद्यालय के हॉस्टल एवं परिसर में लार्वा सर्वे किया गया तथा मच्छरों के नियंत्रण हेतु पायराथ्रम का स्पेस स्प्रे किया गया। सर्वे के दौरान पाए गए पॉजिटिव कंटेनरों को खाली करवाकर उनका नष्टीकरण किया गया तथा संबंधित स्थानों पर आवश्यक नियंत्रणात्मक कार्रवाई की गई।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा विद्यालय प्रबंधन, स्टाफ एवं विद्यार्थियों से अपील की गई कि परिसर में कहीं भी पानी जमा न होने दें, पानी की टंकियों एवं अन्य जल पात्रों को ढककर रखें तथा मच्छरों के प्रजनन स्थलों की नियमित रूप से जांच कर उन्हें समाप्त करें।
-
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
#JansamparkMP
#sheopur