बरखेड़ा में वृक्ष भंडारा आयोजित, ग्रामीणों को निःशुल्क वितरित किए गए 12 प्रजातियों के पौधे
हरदोई। वृहद वृक्षारोपण अभियान-2026 के तहत गुरुवार को विकासखंड बावन की ग्राम पंचायत बरखेड़ा में वृक्ष भंडारा आयोजित किया गया। मुख्य विकास अधिकारी श्रीमती नेहा ब्याडवाल के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं एवं ग्रामीणों को आम, अमरूद, बरगद, कटहल, पीपल, सहजन समेत 12 प्रजातियों के पौधों का निःशुल्क वितरण किया गया।
मुख्य विकास अधिकारी ने उपस्थित लोगों से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने तथा लगाए गए पौधों के संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आज का वृक्षारोपण आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य में हमारा सामाजिक निवेश है। पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने के लिए प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है।
कार्यक्रम के दौरान अन्नपूर्णा भवन, बरखेड़ा के सामने सहजन का पौधारोपण भी किया गया। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण, जनभागीदारी तथा हरित एवं सतत भविष्य के निर्माण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में खंड विकास अधिकारी बावन डॉ. राम प्रकाश, सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) डॉ. प्रदीप कुमार, ग्राम प्रधान, ग्राम पंचायत सचिव, स्वयं सहायता समूह की महिलाएं तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।