मनीष हत्याकांड: कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने परिजनों से की मुलाक़ात।
#भलुअनी। नगर पंचायत भलुअनी में मनीष उर्फ मोनू सिंह की हत्या के बाद सोमवार को कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय के निर्देश और जिलाध्यक्ष विजयशेखर मल्ल के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने परिजनों को ढांढस बंधाया और न्याय की लड़ाई में साथ देने का भरोसा दिलाया।
मृतक के भाई ने प्रतिनिधिमंडल को बताया कि मनीष की हत्या की आशंका को लेकर एक सितंबर को स्थानीय थाने में लिखित सूचना दी गई थी। इसके बाद तीन सितंबर को भी कुछ लोगों ने मनीष को घेर लिया था। इसकी जानकारी भी पुलिस-प्रशासन को दी गई थी। परिजनों का आरोप है कि लगातार सूचना देने के बावजूद समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। इसके नौ दिन बाद मनीष की हत्या कर दी गई।
प्रतिनिधिमंडल ने मामले में पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की। इस दौरान मृतक के भाई की प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय से फोन पर बातचीत भी कराई गई। अजय राय ने परिवार को न्याय दिलाने और हरसंभव मदद का आश्वासन दिया।
प्रतिनिधिमंडल में अमरेंद्र मल्ल, स्नेह लता गौतम, सीपी सिंह, महिला कांग्रेस की पूर्वी क्षेत्र की अध्यक्ष शहला अहरारी, मिर्जा खुर्शीद अहमद बेग, सुयश मणि त्रिपाठी समेत कई कांग्रेस नेता और सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे। कांग्रेस ने हत्याकांड की निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ तत्काल कठोर कार्रवाई और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।
#deorianews #deoriaup52
Barhaj, Deoria | Sep 15, 2026