राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस के उपलक्ष्य पर कुकुमसेरी महाविद्यालय में अभाविप की संगोष्ठी आयोजित
Kullu Times
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, जिला लाहौल-स्पीति द्वारा राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस के उपलक्ष्य पर कुकुमसेरी महाविद्यालय में संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को स्वामी विवेकानंद के विचारों, उनके आदर्शों तथा अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के राष्ट्र निर्माण एवं छात्र हित के कार्यों से परिचित कराना था। कार्यक्रम में महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में अभाविप कुल्लू विभाग संयोजक अभिनव कश्यप उपस्थित रहे। उन्होंने अपने उद्बोधन में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के स्थापना काल से लेकर वर्तमान तक के संगठनात्मक विकास, कार्यपद्धति तथा उद्देश्य पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि अभाविप विश्व का सबसे बड़ा छात्र संगठन है, जिसकी स्थापना 9 जुलाई 1949 को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, राष्ट्र निर्माण तथा छात्र हितों की रक्षा के उद्देश्य से हुई। परिषद केवल छात्र समस्याओं के समाधान तक सीमित नहीं है, बल्कि शिक्षा, सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण, आपदा राहत, सेवा कार्य, व्यक्तित्व विकास, सांस्कृतिक चेतना और राष्ट्रीय एकता जैसे अनेक क्षेत्रों में निरंतर कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि अभाविप का मूल मंत्र ज्ञान, शील और एकता है, जो प्रत्येक विद्यार्थी को चरित्रवान, राष्ट्रनिष्ठ एवं समाज के प्रति उत्तरदायी नागरिक बनने की प्रेरणा देता है। परिषद का उद्देश्य केवल नेतृत्व तैयार करना नहीं, बल्कि ऐसे युवा तैयार करना है जो समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करें। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे स्वामी विवेकानंद जी के विचारों को अपने जीवन में अपनाकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं तथा विद्यार्थी परिषद के माध्यम से समाजहित के कार्यों में भागीदारी सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर विशेष रूप से अभाविप प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सारांश बौद्ध उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि युवाशक्ति किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति होती है। यदि विद्यार्थी सकारात्मक सोच, अनुशासन और सेवा भाव के साथ आगे बढ़ें तो वे समाज में व्यापक परिवर्तन ला सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक दायित्वों का भी निर्वहन करने तथा राष्ट्रहित के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी विद्यार्थियों ने राष्ट्र निर्माण, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं सकारात्मक छात्र नेतृत्व के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
Kullu, Kullu | Jul 21, 2026