विश्व पर्यावरण दिवस पर डोमचांच में पौधारोपण, नगर अध्यक्ष ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
कोडरमा:डोमचांच में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर नगर पंचायत डोमचांच में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान नगर अध्यक्ष उमेश वर्मा एवं नगर पंचायत प्रशासक सह नगर उपाध्यक्ष आदर्श कुमार पंकज ने मिनी पार्क परिसर में पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर अध्यक्ष उमेश वर्मा ने कहा कि प्रकृति और पर्यावरण की रक्षा करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि लगातार घटती हरियाली का सीधा असर पर्यावरण और जलवायु पर पड़ रहा है, जिसके कारण तापमान में वृद्धि, अनियमित वर्षा और प्रदूषण जैसी समस्याएं बढ़ती जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि केवल पौधारोपण करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि लगाए गए पौधों की देखभाल और संरक्षण भी उतना ही आवश्यक है। यदि आज पर्यावरण संरक्षण के प्रति गंभीर प्रयास नहीं किए गए तो आने वाली पीढ़ियों को गंभीर चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है।
नगर अध्यक्ष ने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने की अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति यदि अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसे वृक्ष बनने तक संरक्षित करे तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा बदलाव संभव है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने भी पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया और समाज के हर वर्ग से पौधारोपण अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।