चंदवारा के एसएफसीआई गोदाम का औचक निरीक्षण, खाद्यान्न भंडारण और वितरण व्यवस्था की जांच
कोडरमा। जिला आपूर्ति पदाधिकारी राम रतन कुमार बर्णवाल ने शुक्रवार को चंदवारा स्थित एसएफसीआई गोदाम का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने खाद्यान्न की उपलब्धता, उठाव की स्थिति, भंडारण व्यवस्था, रखरखाव और साफ-सफाई सहित विभिन्न पहलुओं की गहन समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने गोदाम में उपलब्ध खाद्यान्न के स्टॉक का सत्यापन किया तथा सुरक्षित एवं व्यवस्थित भंडारण की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने खाद्यान्न की स्टैकिंग, रिकॉर्ड संधारण, आवंटन और उठाव से संबंधित अभिलेखों की भी जांच की। साथ ही संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश दिया कि खाद्यान्न वितरण व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा सभी अभिलेखों को अद्यतन रखा जाए।
उन्होंने गोदाम परिसर की साफ-सफाई एवं रखरखाव व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश भी दिए। खाद्यान्न की उपलब्धता एवं उठाव की स्थिति की समीक्षा के दौरान अधिकारियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की गई।
जिला आपूर्ति पदाधिकारी राम रतन कुमार बर्णवाल ने कहा कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली के लाभुकों तक समय पर और सुचारू रूप से खाद्यान्न पहुंचाना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि गोदामों में खाद्यान्न का सुरक्षित भंडारण, नियमित रखरखाव और पारदर्शी संचालन सुनिश्चित करने के लिए समय-समय पर निरीक्षण किया जाता है। निरीक्षण के दौरान गोदाम प्रबंधन से जुड़े अधिकारी एवं कर्मी भी उपस्थित रहे।