जमीन विवाद में हत्या के 8 घंटे के भीतर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 5 आरोपी गिरफ्तार
कोडरमा। कोडरमा थाना क्षेत्र अंतर्गत चितरपुर गांव में जमीन विवाद को लेकर कोडरमा विधायक डॉ नीरा यादव के चालक राजकुमार यादव की हुई हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के महज 8 घंटे के भीतर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक द्वारा प्रेस वार्ता कर बताया गया कि 3 जून 2026 की रात करीब 11:30 बजे चितरपुर गांव में लंबे समय से चल रहे जमीन विवाद ने खूनी रूप ले लिया। आरोप है कि कुछ लोगों ने मिलकर राजकुमार यादव के पिता दशरथ यादव पर फरसा और कुदाल से हमला कर उनकी हत्या कर दी, जबकि राजकुमार यादव समेत अन्य दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद राजकुमार यादव की पत्नी रेणु देवी के आवेदन पर कोडरमा थाना कांड संख्या 113/2026 दर्ज कर पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
जांच के दौरान यह बात सामने आई कि दोनों पक्षों के बीच पिछले आठ वर्षों से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। कई बार पंचायत भी हुई, लेकिन कोई स्थायी समाधान नहीं निकल सका। इसी रंजिश में वारदात को अंजाम दिया गया।
विशेष टीम ने छापेमारी कर नामजद आरोपियों गोपाल यादव, भैरव यादव, गुलबी देवी, विजय यादव और सचिन यादव को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पुलिस ने उनके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त कुदाल, लोहे का फरसा, दो मोबाइल फोन तथा एक खून लगा टी-शर्ट भी बरामद किया है।
पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है तथा जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।