#बालाघाट
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी से रूबरू हुए बालाघाट के युवा,
विकसित वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम में लिया हिस्सा
माय भारत (मेरा युवा भारत), युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में संचालित विकसित वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम के अंतर्गत जिले के 21 युवाओं ने रविवार को कलेक्टर कार्यालय बालाघाट से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में भाग लिया। कार्यक्रम का आयोजन भारत सरकार के निर्देशों के परिपालन में कलेक्टर श्री मृणाल मीना के मार्गदर्शन में किया गया।
युवाओं का उत्साहवर्धन करने के लिए कलेक्टर श्री मृणाल मीना स्वयं कार्यक्रम में उपस्थित रहे। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देश के 245 जिलों के प्रतिभागियों में से चयनित युवाओं को प्रधानमंत्री के समक्ष अपने अनुभव साझा करने का अवसर मिला।
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों के गांवों को देश का आखिरी गांव नहीं, बल्कि पहला गांव मानने की सोच विकसित करनी होगी। उन्होंने युवाओं से राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए देश के विकास और सीमावर्ती क्षेत्रों के सशक्तीकरण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियों को भी राष्ट्रसेवा की इसी भावना के साथ आगे बढ़ना चाहिए।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया एवं केंद्रीय राज्य मंत्री श्रीमती रक्षा निखिल खड़से भी शामिल रहीं।
कार्यक्रम के बाद कलेक्टर श्री मृणाल मीना ने माय भारत के युवा स्वयंसेवकों से संवाद कर उनके अनुभव, सुझाव और आकांक्षाओं को जाना। उन्होंने युवाओं से शासन की विभिन्न योजनाओं में सक्रिय भागीदारी निभाने, जिले के दूरस्थ क्षेत्रों के युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ने तथा बालाघाट के युवाओं को हर क्षेत्र में अग्रणी बनाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर माय भारत बालाघाट के जिला युवा अधिकारी प्रांजल अग्रवाल, लेखा अधिकारी सी.आर. जंघेला तथा जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी राहुल बारेश सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
#PMOIndia #JansamparkMP
#MYBharat #Youth4ViksitBharat
3 views | Balaghat, Madhya Pradesh | Jul 26, 2026