#बालाघाट
कड़ी मेहनत रंग लाई: शासकीय आईटीआई बालाघाट के चार प्रशिक्षणार्थी बने प्रशिक्षण अधिकारी
शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) बालाघाट के लिए गर्व का विषय है कि संस्थान के चार प्रशिक्षणार्थियों का चयन मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल द्वारा आयोजित प्रशिक्षण अधिकारी (Training Officer) भर्ती परीक्षा के माध्यम से हुआ है। साधारण परिवारों के इन अभ्यर्थियों ने अपनी मेहनत, लगन और प्रशिक्षण अधिकारियों के मार्गदर्शन से यह उल्लेखनीय सफलता हासिल की है।
चयनित अभ्यर्थियों में इलेक्ट्रिशियन ट्रेड की अंजली डहारे (ग्राम कनकी) ने 98 पर्सेंटाइल प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। उन्हें प्रशिक्षण अधिकारी दशरथ बिसेन का मार्गदर्शन मिला।इसी प्रकार स्विंग टेक्नोलॉजी ट्रेड की भूमेश्वरी नारनौरे (कालीमाटी, लांजी) ने 98 पर्सेंटाइल तथा सिद्धि भाषांत (ग्राम छपला, बिरसा) ने 99 पर्सेंटाइल प्राप्त कर सफलता हासिल की। दोनों को प्रशिक्षण अधिकारी सुश्री राखी मोटवानी का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।
वहीं बेसिक कॉस्मेटोलॉजी ट्रेड की रश्मि विश्वास (बालाघाट) ने प्रशिक्षण अधिकारी ज्योति ठाकरे के मार्गदर्शन में 97 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रशिक्षण अधिकारी के पद पर चयनित होकर महिला सशक्तिकरण और कौशल विकास की दिशा में प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया।
चारों चयनित प्रशिक्षणार्थी सामान्य एवं आर्थिक रूप से साधारण परिवारों से हैं। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों और संस्थान के प्रशिक्षण अधिकारियों को देते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया।
शासकीय आईटीआई बालाघाट की प्राचार्या श्रीमती सपना राहंगडाले ने सभी चयनित प्रशिक्षणार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की यह सफलता संस्थान के लिए गौरव की बात है और इससे अन्य प्रशिक्षणार्थियों को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।
#CMMadhyaPradesh
#JansamparkMP
#mintechnicalmp
Balaghat, Madhya Pradesh | Jul 26, 2026