दुर्गा पूजा एवं दशहरा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। इसी क्रम में आज दुर्गा पूजा अष्टमी के अवसर पर जिला पदाधिकारी, रोहतास श्री दीपक कुमार मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक, रोहतास श्री राज द्वारा सासाराम शहर के विभिन्न दुर्गा पूजा स्थलों एवं पंडालों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था एवं विधि-व्यवस्था का जायजा लिया गया।
इस दौरान उन्होंने शहर के विभिन्न मुहल्लों एवं चौकों के विभिन्न प्रमुख पूजा स्थलों का भ्रमण किया। अधिकारियों ने पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की संभावित भीड़, आवागमन, सुरक्षा व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं का जायजा लेते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इसके पश्चात् अधिकारियों द्वारा विसर्जन स्थल का भी जायजा लिया गया।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी पूजा समितियों एवं संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए यह सुनिश्चित करना है कि पूजा के दौरान किसी भी श्रद्धालु को असुविधा न हो तथा पर्व शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हो। उन्होंने पूजा आयोजकों को निर्देश दिया कि पंडालों में सुरक्षा मानकों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करें। भीड़ प्रबंधन, प्रवेश एवं निकास की समुचित व्यवस्था, अग्नि सुरक्षा, सीसीटीवी कैमरों की क्रियाशीलता तथा अन्य आवश्यक इंतजामों पर विशेष ध्यान दें। साथ ही, किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सतर्क एवं तैयार रहें तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
पुलिस अधीक्षक ने भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस पदाधिकारियों को सतर्कता एवं मुस्तैदी बनाए रखने का निर्देश दिया, ताकि श्रद्धालु निर्भय होकर पूजा-अर्चना कर सकें और पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था संधारण में कोई व्यवधान उत्पन्न न हो।
इस अवसर पर अपर समाहर्ता-सह-अपर जिला दंडाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी सासाराम, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वन, भूमि उप समाहर्ता सासाराम, विशेष कार्य पदाधिकारी सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे।
जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे आपसी भाईचारे, शांति एवं सौहार्द के साथ दुर्गा पूजा मनाएं तथा पर्व को सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने में प्रशासन का सहयोग करें।
#IPRD
#DurgaPuja2026
#PublicService
#BiharGovernment
#CMSamrat
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Patna, Bihar | Oct 18, 2026