48 घंटे में किसानों के खातों में पैसा देने का वादा करने वाली भाजपा सरकार से फसल तक नहीं खरीदी जा रही...जजपा
भाजपा राज में ना एमएसपी पर खरीद हो रही ना ही फसल खरीदी जा रही...जजपा
भिवानी, अक्तूबर : भाजपा राज में आज ना ही किसानों की फसल खरीदी जा रही और ना ही उठान हो रहा है। एम एसपी पर फसलों की खरीद का वादा करने वाली भाजपा सरकार के झूठे दावों की पोल वाहनों की लगी हुई लम्बी लम्बी कतारों ने खोल दी है। यह आरोप आज जजपा जिला भिवानी के कार्यकर्ताओं ने स्थानीय अनाज मंडी में भाजपा सरकार के खिलाफ लगाए। जजपा जिला अध्यक्ष जितेंद्र शर्मा और जिला प्रभारी कृष्ण बजीणा के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन किया गया इस मौके पर जजपा नेताओं ने कहा की किसानों ने बाजरे की सरकारी खरीद, न्यूनतम समर्थन मूल्य, भावांतर भरपाई योजना के क्रियान्वयन, फसल के उठान, नमी की भुगतान में हो रही देरी को लेकर अपनी चिंताएं व शिकायतें रखीं।
अनाज मंडी में किसानों को संबोधित करते हुए जजपा पदाधिकारियों ने प्रदेश सरकार की कार्यशैली पर तीखे सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि किसान दिन-रात हाड़-तोड़ मेहनत करके पूरे देश का पेट भरता है, लेकिन जब अपनी उपज बेचने मंडी पहुंचता है तो उसे खरीद, उचित भाव और भुगतान के लिए दर-दर भटकना पड़ता है। पैदावार और परेशानी दोनों किसान की हैं, लेकिन सरकार अपनी जवाबदेही से लगातार बच रही है। जितेन्द्र शर्मा ने भावांतर योजना के क्रियान्वयन पर सवाल उठाते हुए कहा कि बाजरे के लिए घोषित 2900 प्रति क्विंटल के मूल्य का वास्तविक और पारदर्शी लाभ पात्र किसानों तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने कहा कि मंडियों में पर्याप्त बारदाना, स्टाफ, परिवहन और भंडारण की समयबद्ध व्यवस्था होनी चाहिए, ताकि खुले में पड़ी फसल खराब न हो।
जजपा जिला प्रभारी कृष्ण बजीणा ने आरोप लगाया कि सरकार का रवैया किसानों के प्रति स्पष्ट है पैदावार पर पाबंदी, कटाई पर कफ्र्यू, बिक्री पर शर्त और एमएसपी पर तालाबंदी। सुरजेवाला ने कहा कि प्रदेश में अब तक करीब 7.07 लाख टन धान की आवक हो चुकी है, जबकि खरीद करीब 1.38 लाख टन और उठान केवल 21 हजार टन हुआ है। उन्होंने दावा किया कि बड़ी मात्रा में धान खुले में पड़ा है और आगामी दिनों में बारिश की संभावना के चलते किसानों की चिंता बढ़ गई है। उनके अनुसार अब तक 16,302 किसानों का धान खरीदा गया, लेकिन करीब 700 किसानों को ही भुगतान मिल पाया है। इस मौके पर जजपा नेताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की । जजपा नेता राजबीर तालू, देवेन्द्र नकीपूर, एडवोकेट अवतार सांगवान भाजपा सरकार पर आरोप लगाया कि पराली जलाने के मामलों में किसानों पर कार्रवाई की जा रही है, जबकि उन्हें पराली प्रबंधन के लिए पर्याप्त मशीनरी और आर्थिक सहायता नहीं मिल रही। उन्होंने कटाई के समय पर पाबंदी, प्रति एकड़ खरीद सीमा और फसल को अपने ही जिले में बेचने संबंधी शर्तों पर भी सवाल उठाए।
जजपा नेता ने नमी की सीमा के नाम पर किसानों से कथित कटौती बंद करने, मंडियों में पर्याप्त ड्रायर उपलब्ध कराने और धान की पूरी खरीद एमएसपी पर सुनिश्चित करने की मांग की।
जजपा नेता ने मंडी में किसानों की स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि सरकार केवल योजनाओं और एमएसपी की घोषणाएं करती है, लेकिन धरातल पर किसानों को उनका हक समय पर नहीं मिलता। उन्होंने कहा कि किसान महीनों पसीना बहाकर फसल तैयार करता है। मंडी में आने के बाद उसे भावांतर राशि या फसल के भुगतान के लिए लंबा इंतजार करना पड़े, तो उसकी आर्थिक स्थिति चरमरा जाती है। किसानों की समस्याओं का समाधान केवल कोरे आश्वासनों से नहीं, बल्कि धरातल पर पारदर्शी और समयबद्ध कार्रवाई से होगा।
जजपा नेताओं ने मांग की कि बाजरे की सरकारी खरीद की प्रक्रिया को बिना किसी रुकावट के सुचारु बनाया जाए, 2900 प्रति क्विंटल घोषित मूल्य के तहत पात्र किसानों के खातों में भावांतर राशि का समयबद्ध हस्तांतरण सुनिश्चित हो, मंडी में बिक चुकी फसल का तुरंत उठान कराया जाए ताकि खुले में पड़े अनाज को नुकसान से बचाया जा सकें, फसल बेचने के बाद किसानों के खातों में बिना किसी अनावश्यक विलंब के पारदर्शी तरीके से भुगतान किया जाए, नमी की जांच निर्धारित मानकों के अनुसार की जाए । इस मौके पर जिलाध्यक्ष जितेन्द्र शर्मा, जिला प्रभारी कृष्ण बजीणा, अजमेर मुंढाल राजबीर तालू,जिला प्रवक्ता राजू मेहरा, एडवोकेट अवतार सांगवान,मदन जूसवाला, राजेश ग्रेवाल, सज्जन प्रजापत, राजेश शर्मा मुंढाल, मुकेश शर्मा बापौडा,कल्याण सिहाग कुंगड़, प्रदीप मिताथल, सुमित मुंढाल सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित थे।।।