कैमूर में अब फ्लोराइड वाला पानी नहीं पिएंगे लोग, 232 वार्डों में लगा शुद्ध पेयजल का कवच
कैमूर जिले में फ्लोराइड मुक्त पेयजल की दिशा में बड़ी पहल हुई है। जिले के 232 फ्लोराइड प्रभावित वार्डों में फ्लोराइड रिमूवल प्लांट स्थापित किए गए हैं, जिससे अब ग्रामीणों को सुरक्षित और शुद्ध पानी मिल रहा है।
जिला पदाधिकारी ने भभुआ प्रखंड के डिहरा पंचायत के वार्ड-16 में लगे प्लांट का निरीक्षण किया। निरीक्षण में उपचारित जल की जांच की गई। जिला जल जांच प्रयोगशाला की रिपोर्ट के अनुसार उपचारित जल में फ्लोराइड की मात्रा 0.20 से 0.53 mg/L के बीच पाई गई, जो सुरक्षित मानक 1.0 mg/L से काफी कम है।
अधौरा जैसे पहाड़ी और दुर्गम इलाकों में भी शेष वार्डों में प्लांट लगाने का काम तेजी से चल रहा है। वहीं राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय के छात्र इंटर्नशिप के माध्यम से इन प्लांटों का अध्ययन कर रहे हैं।
डीएम ने सभी प्लांटों के नियमित संचालन, रखरखाव और जल की नियमित जांच के निर्देश दिए हैं।
Mohania, Kaimur | Nov 23, 2026