#बालाघाट
#जमुनिया_डैम में मामूली सीपेज, स्थिति सामान्य
एसडीएम ने दो घंटे से अधिक समय तक किया निरीक्षण,
नहर से पानी छोड़कर डैम का दबाव घटाने की कार्रवाई शुरू
जमुनिया डैम में पानी के मामूली सीपेज की सूचना के बाद प्रशासन एवं जल संसाधन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर डैम की स्थिति का बारीकी से निरीक्षण किया। एसडीएम कटंगी विजय सिंह यादव की मौजूदगी में तहसीलदार पन्नू लाल शांडिल्य, जल संसाधन विभाग के इंजीनियर योगेंद्र ठाकुर एवं सब इंजीनियर प्रकाश कुमार परते ने करीब दो घंटे से अधिक समय तक डैम का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान डैम में एक छोटे से सीपेज के माध्यम से पानी का रिसाव पाया गया। स्थिति को देखते हुए एसडीएम के निर्देशन में जल संसाधन विभाग की टीम ने नहर में पानी छोड़कर डैम पर पड़ रहे जल दबाव को तत्काल कम करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। विभाग के अनुसार अगले 24 से 48 घंटों में डैम का जलस्तर सीपेज के जलस्तर तक आने की संभावना है। इसके बाद सीपेज के कारणों का तकनीकी परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील
एसडीएम विजय सिंह यादव ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की भ्रामक जानकारी अथवा अफवाहों पर ध्यान न दें। उन्होंने कहा कि डैम की स्थिति सामान्य है और फिलहाल किसी प्रकार के खतरे की बात नहीं है। प्रशासन एवं संबंधित विभाग की टीमें मौके पर लगातार निगरानी कर रही हैं। नागरिक धैर्य बनाए रखें और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें।
नहर के आसपास सावधानी बरतने के निर्देश
डैम का दबाव कम करने के लिए नहर में पानी छोड़े जाने के कारण एसडीएम ने नहर के किनारे स्थित ग्राम गुनाड़ी, जमुनिया, बनेरा, कटेरा, वोपली, अगासी, सिरपुर एवं भजियापार के नागरिकों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि लोग अपने बच्चों एवं मवेशियों को नहर के पास न जाने दें, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।
राजस्व, जल संसाधन और पुलिस की टीमें तैनात
एसडीएम ने बताया कि सीपेज की स्थिति की लगातार निगरानी के लिए राजस्व एवं जल संसाधन विभाग के कर्मचारियों की टीम तैनात कर दी गई है। कर्मचारी निरंतर डैम की स्थिति पर नजर रख रहे हैं। वहीं, थाना प्रभारी कटंगी के माध्यम से पुलिस बल भी मौके पर तैनात किया गया है, ताकि सुरक्षा व्यवस्था बनी रहे।
जल संसाधन विभाग के इंजीनियर ने बताया कि डैम की वर्तमान स्थिति से वरिष्ठ अधिकारियों को भी अवगत करा दिया गया है। प्रशासन द्वारा स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है तथा आवश्यकतानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
#CMMadhyaPradesh
#minmpwrd
#JansamparkMP
#minprdd
120 views | Balaghat, Madhya Pradesh | Sep 14, 2026