अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर शिवनिल नशा मुक्ति केंद्र में योग एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
डिंडौरी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर दिव्या ज्योति सोशल डेवलपमेंट सेंटर द्वारा संचालित शिवनिल नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केंद्र, डिंडोरी में योगाभ्यास एवं नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में केंद्र में उपचाररत मरीजों, कर्मचारियों एवं पियर एजुकेटर्स ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास किया।
कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि “नशे से दूरी, योग से दोस्ती” स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन की दिशा में एक प्रभावी पहल है। योग शरीर, मन और आत्मा के संतुलन को सुदृढ़ बनाता है तथा तनाव, चिंता और नकारात्मक विचारों से मुक्ति दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
केंद्र की काउंसलर ने नशे की लत और मानसिक स्वास्थ्य के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि योग एवं ध्यान व्यक्ति के आत्मविश्वास, आत्मनियंत्रण और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देते हैं। नियमित योगाभ्यास से मानसिक शांति प्राप्त होती है तथा व्यक्ति नशे की ओर आकर्षित करने वाली प्रवृत्तियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित कर सकता है।
कार्यक्रम में प्रतिभागियों को ध्यान (मेडिटेशन) के लाभों से भी अवगत कराया गया। बताया गया कि ध्यान मन को एकाग्र एवं शांत बनाकर तनाव और अवसाद को कम करने में सहायक है। योग शरीर में नई ऊर्जा, स्फूर्ति और उत्साह का संचार कर स्वस्थ जीवनशैली को अपनाने के लिए प्रेरित करता है।
इस अवसर पर सभी प्रतिभागियों ने नियमित योगाभ्यास करने, स्वस्थ दिनचर्या अपनाने एवं नशामुक्त जीवन जीने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में श्री अजय ठाकुर, श्रीमती सुधा तिवारी, श्रीमती रितु सेन, श्री देवराज कछवाहा, श्रीमती ज्योति चंदेल, स्टाफ नर्सें एवं केंद्र के उपचाररत मरीज उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद से संबद्ध नवांकुर संस्था जनजीवन कल्याण समिति, बिछिया के श्री अरुण चंदेल एवं श्रीमती ज्योति ठाकुर का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम के माध्यम से योग को स्वस्थ, संतुलित एवं नशामुक्त जीवन का आधार बताते हुए जनजागरूकता का संदेश दिया गया।
#anjupavanbhadiriya #dindori #JansamparkMP
8 views | Dindori, Madhya Pradesh | Jun 21, 2026