कलेक्टर की अध्यक्षता में समय-सीमा एवं अंतर्विभागीय समन्वय बैठक संपन्न
.......
विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं और समीक्षा अभियानों की प्रगति की समीक्षा
बड़वानी 21 सितम्बर 2026/ कलेक्टर श्रीमती जयति सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्टर कार्यालय के सभागृह में समय-सीमा सह अंतर्विभागीय समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में ‘मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान’, ‘सीएम हेल्पलाइन’ एवं ‘स्वामित्व योजना’ की प्रगति के साथ-साथ राजस्व, शिक्षा, कृषि, उद्यानिकी, जनजातीय कार्य तथा श्रम विभाग की जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री अर्पित गुप्ता, अपर कलेक्टर श्रीमती हेमलता सोलंकी, संयुक्त कलेक्टर श्री रवि वर्मा सहित समस्त विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में दिए गए मुख्य निर्देश
1. सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों का निराकरणरू कलेक्टर श्रीमती सिंह ने सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विभाग रूटीन के मामलों से संबंधित प्रकरणों का त्वरित निराकरण कर जन शिकायतों का संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करें। बड़े विभागों को बेहतर कार्य करने की आवश्यकता है, अतः वे स्वप्रेरणा से कार्य करें।
2. जन विश्वास अभियान - जन विश्वास अभियान के अंतर्गत सभी अनुविभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि जिन क्षेत्रों में जन विश्वास शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, वहाँ आम जनता द्वारा दी जा रही निर्माण एवं अन्य समस्याओं का संकलन तैयार कर नियमित रूप से उनका निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
3. खाद की उपलब्धता एवं वितरण - जिले में खाद की उपलब्धता के संबंध में विपणन (मार्केटिंग) और कृषि सहकारिता विभाग के अधिकारियों को खाद की उपलब्धता, वितरण तथा अग्रिम माँग को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
4. आगामी पर्व के मद्देनजर जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के सख्त निर्देश दिए गए। सभी अनुविभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि जुलूस के रूट एवं सीसीटीवी कैमरों की उपलब्धता के साथ प्रभावी कानून-व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
ऽ शांति समिति की बैठकें - त्योहार को सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने के लिए स्थानीय नागरिकों और शांति समितियों के साथ बैठक की जाए।
ऽ विसर्जन स्थल की व्यवस्था - गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन स्थलों (नदी/तालाब/कुंड) पर बेरिकेटिंग, गोताखोरों की तैनाती, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने पर जोर दिया जाए।
ऽ अराजक तत्वों पर निगरानी - सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक संदेशों पर पैनी नजर रखने और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
ऽ स्वास्थ्य एवं आपातकालीन सेवाएं - पर्व के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग, विद्युत विभाग को अलर्ट मोड पर रखने और एम्बुलेंस व फायर ब्रिगेड की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया गया।।
5. पंचायत विभागों के कार्यों की समीक्षा करते हुए सभी जनपदों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि जनपदों की विकास की कार्ययोजना में बदलाव करते हुए माइक्रो इरिगेशन (सूक्ष्म सिंचाई) की गतिविधियों को शामिल करें। इसके साथ ही बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के कार्यों की भी समीक्षा की गई।
6. बैठक में संबल पंजीयन और अनुग्रह सहायता राशि के लंबित आवेदनों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्रीमती सिंह ने सभी जनपद पंचायतों के सीईओ एवं नगरीय निकायों के सीएमओ को स्पष्ट निर्देश दिए कि उक्त प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण किया जाए, अन्यथा संबंधित अधिकारियों पर पेनाल्टी अधोरोपित की जाएगी।
13 views | Barwani, Madhya Pradesh | Sep 21, 2026