बालू आयुर्वेदिक अस्पताल में मनाया राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस, विधायक नीरज नैयर रहे मुख्य अतिथि
चम्बा, 23 सितम्बर
चम्बा के बालू स्थित आयुर्वेदिक अस्पताल में आयुष विभाग की ओर से राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय विधायक नीरज नैयर ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। अस्पताल परिसर में पहुंचने पर आयुष विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने विधायक नीरज नैयर का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया।
राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस का उद्देश्य लोगों को आयुर्वेद की प्राचीन चिकित्सा पद्धति, इसके महत्व तथा स्वस्थ जीवनशैली में इसकी भूमिका के प्रति जागरूक करना है। आयुर्वेद में रोगों के उपचार के साथ-साथ रोगों से बचाव, संतुलित आहार और स्वस्थ दिनचर्या पर भी विशेष जोर दिया जाता है। इस दिवस के माध्यम से लोगों को आयुर्वेदिक चिकित्सा एवं प्राकृतिक उपचार पद्धतियों को अपनाने के लिए जागरूक किया जाता है।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाया गया। इसमें चिकित्सकों ने लोगों के स्वास्थ्य की जांच कर उन्हें आवश्यक परामर्श दिया। जरूरतमंद लोगों को आयुर्वेदिक दवाइयां भी निःशुल्क वितरित की गईं।
इस अवसर पर हर्बल एवं औषधीय पौधों की प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसमें विभिन्न प्रकार के औषधीय पौधों को प्रदर्शित किया गया। आयुष विभाग के विशेषज्ञों ने लोगों को इन पौधों के औषधीय गुणों, उपयोग और स्वास्थ्य के लिए इनके महत्व के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की।
कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को आयुर्वेद को अपनी दैनिक जीवनशैली से जोड़ने, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण तथा स्वस्थ जीवन के लिए पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों के महत्व के प्रति जागरूक किया गया।
Chamba, Chamba | Sep 23, 2026