बरमाणा में स्वच्छता अभियान जारी, पहले श्मशान घाट और अब स्नानघर तक जाने वाले रास्ते की सफाई
बरमाणा। ग्राम पंचायत बरमाणा में युवाओं और ग्रामीणों द्वारा शुरू किया गया स्वच्छता अभियान लगातार आगे बढ़ रहा है। इससे पहले गांव के करीब 20 युवाओं ने मिलकर श्मशान घाट परिसर की सफाई की थी और सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखने का संकल्प लिया था। उस दौरान युवाओं ने हर रविवार सार्वजनिक स्थलों की सफाई करने तथा आगामी गुग्गा मेले को देखते हुए खतेड़ से गुग्गा मंदिर तक जाने वाले रास्ते की सफाई करने का भी निर्णय लिया था।
इसी कड़ी में अब ग्राम पंचायत बरमाणा के वार्ड नंबर 3 और 4 के लिए बनाए गए स्नानघर तक जाने वाले बंद पड़े रास्ते की सफाई की गई। रास्ते में उगी झाड़ियों को काटकर हटाया गया और कई महीनों से जमा गंदगी को ब्लीचिंग पाउडर की सहायता से साफ किया गया। इस सफाई अभियान में महिला मंडल बरमाणा की महिलाओं, भीम युवक मंडल के सदस्यों और अन्य ग्रामीणों ने मिलकर भाग लिया।
इस मौके पर वार्ड सदस्य मीना देवी, महिला मंडल प्रधान जुदया देवी, महिला मंडल सचिव रीना देवी, युवक मंडल प्रधान शिवम ठाकुर, पूर्व वार्ड सदस्य इन्द्रा देवी, कौशल्या देवी सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव के सार्वजनिक स्थलों की सफाई का अभियान आगे भी जारी रखा जाएगा। आगामी लक्ष्य के रूप में क्षेत्र में बने सार्वजनिक शौचालयों की साफ-सफाई और उनके आसपास की व्यवस्था को बेहतर बनाने की योजना है। ग्रामीणों के सहयोग से सार्वजनिक शौचालयों और अन्य सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ बनाने के लिए चरणबद्ध तरीके से अभियान चलाया जाएगा।
अभियान से जुड़े पूर्व उपप्रधान नतीश ठाकुर ने कहा कि गांव की स्वच्छता केवल किसी एक व्यक्ति की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज की भागीदारी से ही सार्वजनिक स्थानों को साफ-सुथरा रखा जा सकता है। उन्होंने युवाओं और ग्रामीणों से सामाजिक कार्यों में आगे बढ़कर योगदान देने की अपील की।#UTHimachal #UniqueTodayNews #Bilaspur #Barmana #SwachhataAbhiyan #HimachalNews #CleanBarmana