िंड में मकान की जमीन धंसी, 15 फीट गहरे गड्ढे में समाया पलंग; महिला घायल
भिंड। शहर के गर्ल्स स्कूल वाली गली में बुधवार रात करीब 9:30 बजे एक मकान के कमरे की जमीन अचानक धंस गई। हादसे के दौरान कमरे में मौजूद 45 वर्षीय महिला पलंग सहित जमीन के नीचे बने गड्ढे में जा गिरी, जिससे वह घायल हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, घायल महिला निशी पत्नी आदित्य मिश्रा निवासी गर्ल्स स्कूल वाली गली बुधवार रात अपने घर के कमरे में मौजूद थीं। इसी दौरान अचानक जमीन धंसने की तेज आवाज आई और देखते ही देखते पलंग समेत महिला जमीन के नीचे जा गिरीं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, जमीन करीब 15 फीट तक धंस गई। हादसे के बाद परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तथा महिला को बाहर निकालने की कोशिश की। सूचना मिलने पर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई।
अचानक हुए इस हादसे से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। मकान की जमीन धंसने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है।
Gormi, Bhind | Nov 5, 2026