#बालाघाट
जनसुनवाई में कलेक्टर ने सुनीं 95 आवेदकों की समस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित निराकरण के निर्देश
आधार केंद्र, फसल बीमा, दिव्यांग प्रमाण-पत्र और आर्थिक सहायता सहित विभिन्न मामलों पर हुई सुनवाई
प्रत्येक मंगलवार को आयोजित होने वाली जनसुनवाई की श्रृंखला में आज 1 सितंबर को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जनसुनवाई आयोजित की गई। कलेक्टर श्री कुमार सत्यम की अध्यक्षता में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री तनुश्री मीणा, अपर कलेक्टर श्री डीपी बर्मन, संयुक्त कलेक्टर श्री राहुल नायक, श्री एमआर कोल तथा एसडीएम श्री गोपाल सोनी ने आवेदकों की समस्याएं सुनीं। अधिकारियों ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्रकरणों का नियमानुसार एवं शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में कुल 95 आवेदकों ने अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए।
बुदबुदा में आधार केंद्र खोलने की मांग
वारासिवनी विकासखंड की ग्राम पंचायत बुदबुदा के सरपंच हंसराज कावरे ने बुदबुदा में आधार पंजीयन केंद्र खोलने की मांग रखी। उन्होंने बताया कि आसपास की पंचायतों को मिलाकर करीब 65 से 70 हजार की आबादी को आधार संबंधी सेवाओं के लिए सुविधा मिलेगी। कलेक्टर श्री कुमार सत्यम ने इस मामले में ई-गवर्नेंस के जिला प्रबंधक को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
फसल बीमा की राशि नहीं मिलने की शिकायत का मौके पर समाधान
लामता तहसील के ग्राम बसेगांव के किसान राधेश्याम पिता दलवीर साहू ने वर्ष 2025 की प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की राशि नहीं मिलने की शिकायत प्रस्तुत की। कलेक्टर के निर्देश पर उप संचालक कृषि श्री फूलसिंग मालवीय ने मौके पर ही पोर्टल पर किसान का आधार नंबर दर्ज कर स्थिति की जांच की। जांच में सामने आया कि अगस्त माह में किसान के बैंक खाते में 26 हजार रुपये की फसल बीमा राशि जमा हो चुकी है।
दिव्यांग प्रमाण-पत्र के नवीनीकरण के निर्देश
किरनापुर विकासखंड के ग्राम डूंडासिवनी की श्रुति मेश्राम ने वर्ष 2015 में बने अपने दिव्यांग प्रमाण-पत्र के नवीनीकरण की मांग की। कलेक्टर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी तथा जिला नि:शक्त पुनर्वास केंद्र के प्रभारी को प्रमाण-पत्र का शीघ्र नवीनीकरण कराने के निर्देश दिए।
आर्थिक सहायता के प्रकरणों पर भी हुई सुनवाई
परसवाड़ा विकासखंड के ग्राम सोनेवानी के लक्ष्मीचंद गौतम ने बीमारी के उपचार एवं बच्चों की पढ़ाई के लिए आर्थिक सहायता की मांग की। इसी प्रकार वारासिवनी की शाहजहां शाह ने कैंसर से पीड़ित पत्नी के उपचार के लिए सहायता मांगी। तिरोड़ी तहसील के ग्राम कोसुम्बा की खुशबू खोबरागड़े ने अपनी पढ़ाई जारी रखने के लिए आर्थिक सहायता का आवेदन दिया। तीनों प्रकरणों में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी तथा उप संचालक सामाजिक न्याय को नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
अन्य आवेदनों पर भी अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश
लालबर्रा जनपद की ग्राम पंचायत भांडामुर्री के पूर्व सरपंच घनश्याम बिसेन ने 15वें वित्त आयोग से निर्मित चबूतरे की 99 हजार रुपये की लंबित राशि के भुगतान का मामला रखा। इस पर जनपद पंचायत लालबर्रा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को कार्रवाई के निर्देश दिए गए। वारासिवनी के हुड़कीटोला-पिपरिया की पूनम बाई ने पति के चले जाने के बाद बच्चों के पालन-पोषण और रोजगार के लिए सहायता मांगी। मामले में महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी को कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
कटंगी विकासखंड के अंतर्गत ग्राम टेकाड़ी-मथरा के अम्बे् आजीविका स्वयं सहायता समूह की अध्यक्ष एवं सचिव शिकायत लेकर आयी थी कि उनके समूह द्वारा ग्राम में राशन दुकान का संचालन किया जा रहा है। लेकिन समूह में शामिल महिला पूजा सूर्यवंशी के पति आशिष सूर्यवंशी द्वारा शराब पीकर फर्जी शिकायत कर समूह की अध्यक्ष एवं सचिव को पद से हटाने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। कटंगी तहसीलदार द्वारा भी पूर्व में शिकायत की जांच कर दोबारा झूठी शिकायत करने पर 20 हजार रुपये का दंड लगाने कहा गया था। इसके बाद भी आशिष सूर्यवंशी द्वारा झूठी शिकायत कर उन्हेंन परेशान किया जा रहा है। इस प्रकरण में आजीविका मिशन की जिला कार्यक्रम प्रबंधक को आवश्यभक कार्यवाही करने कहा गया है।
जनसुनवाई में वसीम रजा शिकायत लेकर आये थे कि उनके द्वारा पत्नी सायना परवीन के नाम से बस क्रमांक एमपी-09-एफए-6513 श्रीराम फायनेंस कंपनी से ऋण लेकर संचालित किया जा रहा है। उसके द्वारा हर वर्ष बस का बीमा यूनाईटेड कंपनी से किया जा रहा है। इसके बाद भी श्रीराम फायनेंस कंपनी द्वारा उनकी अनुमति के बगैर बस का अपनी कंपनी में बीमा करा दिया गया है। श्रीराम कंपनी द्वारा हर माह 05 तारीख को उसके बैंक खाते से ऋण की किश्त काट ली जाती है, इसके बाद भी उस पर हर माह बाउंसिंग चार्ज लगाया जा रहा है और बैलेंस बाकी का लेटर जारी किया जा रहा है। कंपनी के मैनेजर से सम्पर्क करने पर वह पिछले 11 माह से टाल-मटोल कर रहा है। अत: उसे श्रीराम बीमा फायनेंस कंपनी से जबरन कराये गये बीमा की राशि वापस दिलायी जाये। इस प्रकरण में नगर पुलिस अधीक्षक को कार्यवाही करने के निर्देश दिये गये हैं।
प्रधानमंत्री आवास की मांग लेकर पहुंचे गणेश भैयालाल
तहसील किरनापुर के ग्राम पंचायत खारा निवासी गणेश भैयालाल ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्का आवास स्वीकृत कराने का आवेदन दिया। उन्होंने बताया कि उनका परिवार लंबे समय से कच्चे मकान में रह रहा है और आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण पक्का मकान बनाने में असमर्थ है। उन्होंने आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग की। इस प्रकरण में जनपद सीईओ को कार्रवाई के निर्देश दिए।
पशुशेड बनाने की अनुमति की मांग
ग्राम मोरिया, तहसील लामता निवासी मीरा बाई उराड़े ने निजी मकान के आंगन में पशुशेड बनाने की अनुमति देने का आवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि आंगन में बना पुराना पशुशेड 10 अगस्त 2026 को तहसीलदार, पटवारी, कोटवार एवं पुलिस दल द्वारा तोड़ दिया गया था। पशुशेड नहीं होने के कारण उनके पशु बरसात में खुले में रहने को मजबूर हैं। उन्होंने पुनः पशुशेड बनाने की अनुमति देने की मांग की। इस प्रकरण एसडीएम बालाघाट को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
भूमि से अवैध कब्जा हटाने की मांग
तहसील किरनापुर के ग्राम पाथरी निवासी गौरीशंकर कोहरे ने अपनी भूमि से अवैध कब्जा हटाकर वास्तविक कब्जा दिलाने की मांग की। उन्होंने बताया कि ग्राम पाथरी स्थित खसरा नंबर 117 की भूमि राजस्व अभिलेखों में उनके नाम दर्ज है, लेकिन कुछ लोगों ने जबरन कब्जा कर पोल एवं फेंसिंग कर दी है। पूर्व में शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं होने पर उन्होंने सीमांकन, मौके की जांच एवं अवैध कब्जा हटाने की मांग की। इस प्रकरण में किरनापुर तहसीलदार को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
BPL राशन कार्ड बनवाने की मांग
ग्राम पेंढरई निवासी टिकेश्वरी सोनी ने गरीबी रेखा के अंतर्गत राशन कार्ड बनवाने के लिए आवेदन दिया। उन्होंने बताया कि परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर है तथा BPL राशन कार्ड नहीं होने के कारण शासन की राशन एवं अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने परिवार की आर्थिक स्थिति का परीक्षण कर BPL राशन कार्ड बनवाने की मांग की। इस प्रकरण में तहसीलदार बालाघाट को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
69 तेंदूपत्ता मजदूरों ने मांगी लंबित मजदूरी
तेंदूपत्ता सीजन 2026 में कार्य करने वाले 69 मजदूरों ने लंबित मजदूरी का भुगतान कराने की मांग को लेकर आवेदन प्रस्तुत किया। मजदूरों के अनुसार तेंदूपत्ता फड़ों पर विभिन्न कार्य करने के बाद उनकी कुल मजदूरी 10 लाख 46 हजार 751 रुपये बनी थी। इसमें से 2 लाख 87 हजार रुपये का भुगतान किया गया है, जबकि शेष राशि के भुगतान को लेकर मजदूरों ने शिकायत की। उन्होंने मामले की जांच कर लंबित मजदूरी दिलाने की मांग की। इस प्रकरण में वन विभाग के अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
अतिथि शिक्षक ने मांगी पुनः ज्वाइनिंग
जनसुनवाई में ग्राम कटंगा, तहसील लांजी निवासी नामाजी सहारे ने अतिथि शिक्षक वर्ग-2, सामान्य विज्ञान के पद पर पुनः ज्वाइनिंग दिलाने की मांग की। उन्होंने बताया कि मेरिट पैनल के आधार पर 27 अगस्त 2026 को ईपीईएस शासकीय हाईस्कूल मोहगांव (जाम) में अतिथि शिक्षक के पद पर उनकी ज्वाइनिंग हुई थी। ज्वाइनिंग के बाद वे नियमित रूप से विद्यालय में उपस्थित होकर उपस्थिति पंजी में हस्ताक्षर भी कर रहे थे। उनका कहना था कि कुछ अन्य अभ्यर्थियों द्वारा संकुल प्राचार्य एवं शाला प्रभारी पर दबाव बनाए जाने के कारण उनकी ज्वाइनिंग निरस्त कर दी गई। उन्होंने ज्वाइनिंग एवं उपस्थिति से संबंधित दस्तावेज भी आवेदन के साथ प्रस्तुत किए। कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी को मामले की जांच कर नियमानुसार समस्या का निराकरण करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर श्री कुमार सत्यम ने सभी आवेदकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को समय-सीमा में नियमानुसार निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
#CMMadhyaPradesh
#JansamparkMP
#WelfareTribal #gaddeptmp
#healthminmp #minprdd
123 views | Balaghat, Madhya Pradesh | Sep 1, 2026