#बालाघाट
पीवीटीजी गांवों में पहुंच रही जनमन मोबाइल मेडिकल यूनिट, ग्रामीणों को मिल रही निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं
जिले के विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह (PVTG) बहुल एवं अति पिछड़े गांवों में स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के उद्देश्य से जनमन मोबाइल मेडिकल यूनिट द्वारा निरंतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जा रही हैं। मोबाइल मेडिकल यूनिट प्रतिदिन दो गांवों में पहुंचकर ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच एवं उपचार कर रही है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. परेश उपलप ने बताया कि जनवरी 2025 में राज्य शासन द्वारा बालाघाट जिले को चार मोबाइल मेडिकल यूनिट उपलब्ध कराई गई थीं। इनका संचालन साईं राम टेक्नो प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किया जा रहा है। वर्तमान में ये मोबाइल मेडिकल यूनिट बालाघाट, बैहर, परसवाड़ा एवं लांजी विकासखंड के अति पिछड़े एवं पीवीटीजी गांवों में नियमित रूप से अपनी सेवाएं दे रही हैं।
प्रत्येक मोबाइल मेडिकल यूनिट में छह सदस्यीय चिकित्सीय दल तैनात है। दल द्वारा गांवों में पहुंचकर मरीजों की स्वास्थ्य जांच की जाती है और आवश्यकता के अनुसार तत्काल उपचार उपलब्ध कराया जाता है। मरीजों को आवश्यक दवाइयां भी निःशुल्क वितरित की जाती हैं।
मोबाइल मेडिकल यूनिट के गांवों तक पहुंचने से दूरस्थ क्षेत्रों के ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर ही स्वास्थ्य सुविधाएं मिल रही हैं। इससे उन्हें सामान्य बीमारियों के उपचार के लिए दूर स्थित अस्पतालों तक जाने की आवश्यकता कम हुई है।
#CMMadhyaPradesh
#JansamparkMP
#healthminmp
191 views | Balaghat, Madhya Pradesh | Sep 1, 2026