दूध में मिलावट की जांच के लिए खाद्य विभाग ने रैपिड किट से की जांच
मंगल डेयरी के बिना लाइसेंस संचालित वर्कशॉप को कराया बंद, केक हब को नोटिस
खाद्य सुरक्षा प्रशासन भोपाल के निर्देशों के बाद बालाघाट में खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा दूध में मिलावट की प्रारंभिक जांच के लिए रैपिड टेस्टिंग किट का उपयोग शुरू किया गया है। इस किट के माध्यम से दूध में सुक्रोज, ग्लूकोस, स्टार्च, साल्ट, माल्टोडेक्सट्रिन सहित अन्य पदार्थों की मिलावट की प्रारंभिक जांच आसानी से की जा सकती है।
इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सांची मिल्क प्लांट, अरिहंत दूध डेयरी, दमाहे दूध डेयरी एवं गुड़िया दूध डेयरी का निरीक्षण किया। इस दौरान दूध के नमूनों की रैपिड किट के माध्यम से प्रारंभिक जांच की गई। जांच में दूध में उपरोक्त पदार्थों की मिलावट नहीं पाई गई। विभाग द्वारा आमजन को मिलावट के प्रति जागरूक एवं सचेत करने के उद्देश्य से भी रैपिड किट के माध्यम से जांच की जा रही है।
मंगल डेयरी की वर्कशॉप में मिली अनियमितता
दुर्गा चौक बालाघाट स्थित मंगल डेयरी की जांच के दौरान पाया गया कि रिटेल लाइसेंस के तहत संचालित प्रतिष्ठान के समीप स्थित वर्कशॉप में दूध एवं दुग्ध पदार्थों का निर्माण किया जा रहा था। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने यहां छापामार कार्रवाई करते हुए दूध, दही, खोवा एवं पनीर के नमूने जांच के लिए लिए। वर्कशॉप का खाद्य लाइसेंस नहीं होने पर उसका खाद्य कारोबार तत्काल बंद कराया गया तथा बिना लाइसेंस खाद्य कारोबार संचालित करने का प्रकरण दर्ज किया गया।
केक हब में अस्वच्छता मिलने पर नोटिस
सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायत की जांच के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग ने केक हब का निरीक्षण किया। निर्माण स्थल की जांच में अस्वच्छता पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत धारा 32 का नोटिस जारी किया गया। इसके अलावा केक बेस एवं बटरस्कॉच क्रश के नमूने जांच के लिए लेकर राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए हैं। प्रयोगशाला से रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत न्यायालयीन दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने कहा है कि जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और मिलावट पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए जांच एवं कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
#बालाघाट
#CMMadhyaPradesh
#JansamparkMP
#foodsuppliesmp
123 views | Balaghat, Madhya Pradesh | Sep 1, 2026