दीपावली के अवसर पर विश्व संवाद केंद्र शिमला ने आयोजित किया पत्रकार मिलन समारोह, पत्रकारों को मिला आपसी मेलजोल का अवसर
विश्व संवाद केंद्र हिमाचल प्रदेश में पिछले 20 वर्षों से कर रहा है कार्य, दीपावली और होली पर आयोजित करता है पत्रकार मिलन कार्यक्रम
शिमला। विश्व संवाद केंद्र शिमला की ओर से दीपावली के अवसर पर पत्रकार मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पत्रकारों ने आपस में मुलाकात कर एक-दूसरे के साथ विचार साझा किए और आपसी मेलजोल के बीच समय बिताया। इस अवसर पर विश्व संवाद केंद्र शिमला के अध्यक्ष राजेश बंसल ने बताया कि विश्व संवाद केंद्र पिछले लगभग 20 वर्षों से हिमाचल प्रदेश में कार्यरत है। केंद्र की ओर से कई वर्षों से दीपावली और होली के अवसर पर पत्रकार मिलन कार्यक्रम आयोजित करने की परंपरा निभाई जा रही है।
राजेश बंसल ने कहा कि पत्रकार पूरे वर्ष अपने काम में व्यस्त रहते हैं और उन्हें अपनी व्यस्त दिनचर्या के बीच आपस में मिलने-बैठने का अवसर कम ही मिल पाता है। इसी बात को ध्यान में रखते हुए विश्व संवाद केंद्र की ओर से इस तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, ताकि पत्रकार एक स्थान पर एकत्रित होकर आपस में बातचीत कर सकें, विचार साझा कर सकें और साथ बैठकर भोजन का आनंद ले सकें।
उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम के पीछे कोई विशेष विषय या औपचारिक उद्देश्य नहीं है। इसका मुख्य मकसद पत्रकारों को उनकी व्यस्त दिनचर्या से कुछ समय निकालकर आपसी मेलजोल और संवाद का अवसर प्रदान करना है। कार्यक्रम के माध्यम से पत्रकारों को एक-दूसरे से मिलने और सौहार्दपूर्ण वातावरण में समय बिताने का अवसर मिलता है।