प्रेस विज्ञप्ति
जिला जनसंपर्क कार्यालय. लखीसराय।
दिनांक 01.07.2026
*विद्यालयी खेलों के संवर्धन एवं प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने हेतु बैठक का आयोजन।*
आज दिनांक 01.07.2026 को जिला पदाधिकारी श्री शैलेन्द्र कुमार की अध्यक्षता में जिला के विद्यालयों में खेल संस्कृति को सुदृढ़ बनाने, खेलों के प्रति छात्र-छात्राओं की रुचि विकसित करने तथा विभिन्न खेल विधाओं में प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की पहचान कर उन्हें आवश्यक सहयोग एवं प्रोत्साहन प्रदान करने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
जिला पदाधिकारी महोदय ने कहा कि खेल केवल शारीरिक एवं मानसिक विकास का माध्यम ही नहीं है, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास एवं टीम भावना के विकास का भी सशक्त आधार है। अतः प्रत्येक विद्यालय में खेल गतिविधियों को नियमित, व्यवस्थित एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से संचालित किया जाना आवश्यक है।
बैठक के दौरान सभी शारीरिक शिक्षा शिक्षकों को निर्देश दिया गया कि वे अपने-अपने विद्यालयों में विभिन्न खेलों में रुचि रखने वाले छात्र-छात्राओं की पहचान कर उनकी प्रतिभा का समुचित आकलन करें तथा उन्हें नियमित प्रशिक्षण उपलब्ध कराएं। साथ ही, खेल सामग्री का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करते हुए विद्यालय स्तर पर नियमित अभ्यास, अंतर-विद्यालय प्रतियोगिताओं में सहभागिता तथा प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को जिला एवं राज्य स्तर की प्रतियोगिताओं हेतु तैयार करने की कार्ययोजना बनाई जाए।
जिला पदाधिकारी महोदय ने निर्देशित किया कि प्रत्येक विद्यालय में खेल गतिविधियों का वार्षिक कैलेंडर तैयार किया जाए तथा समय-समय पर खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन कर अधिकाधिक छात्र-छात्राओं की सहभागिता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी प्रतिभाशाली खिलाड़ी को संसाधनों अथवा मार्गदर्शन के अभाव में पीछे नहीं रहने दिया जाएगा तथा जिला प्रशासन द्वारा आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।
बैठक में खेलों के समग्र विकास, विद्यालयों में खेल अधोसंरचना के बेहतर उपयोग, नियमित अभ्यास व्यवस्था, खिलाड़ियों के कौशल विकास एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहित करने संबंधी विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई। संबंधित पदाधिकारियों एवं शारीरिक शिक्षा शिक्षकों को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए खेल गतिविधियों को नई गति प्रदान करने तथा जिला को खेल के क्षेत्र में अग्रणी बनाने हेतु आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
बैठक का समापन इस विश्वास के साथ किया गया कि विद्यालय स्तर पर खेलों को व्यापक प्रोत्साहन प्रदान कर अधिकाधिक प्रतिभाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुँचने का अवसर उपलब्ध कराया जा सकेगा।
बैठक में जिला खेल पदाधिकारी श्री मुकुल पंकज मणि, जिला शिक्षा पदाधिकारी श्री यदुवंश राम सहित जिला के सभी शारीरिक शिक्षा शिक्षक (Physical Education Teachers) उपस्थित रहे।