ढोल ग्यारस पर पालकी में निकले ठाकुर जी, देवी सागर तालाब पर कराया जल विहार
मनपुरा। शिवपुरी जिले के ग्राम मनपुरा स्थित प्राचीन एवं प्रसिद्ध श्री श्री 1008 चतुर्भुज नाथ मंदिर से ढोल ग्यारस के अवसर पर वर्षों से चली आ रही परंपरा के अनुसार ठाकुर जी की पालकी यात्रा धूमधाम और भक्तिभाव के साथ निकाली गई। ठाकुर जी को पालकी में विराजमान कर नगर भ्रमण कराया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं नगरवासी शामिल हुए।
पालकी यात्रा के दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं ने ठाकुर जी का फूल-मालाओं से स्वागत किया और भोग-प्रसादी अर्पित की। ढोल-डीजे पर बज रहे भजनों पर श्रद्धालु उत्साह के साथ झूमते नजर आए। पूरे नगर में भक्तिमय वातावरण बना रहा।
नगर भ्रमण के बाद ठाकुर जी का विमान देवी सागर तालाब पहुंचा, जहां संध्या आरती के बाद विधि-विधान से ठाकुर जी को जल विहार कराया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे और धार्मिक आयोजन श्रद्धा एवं उल्लास के साथ संपन्न हुआ।
कई पीढ़ियों से हो रही ठाकुर जी की सेवा
मंदिर के पुजारी पं. पवन शर्मा ने बताया कि चतुर्भुज नाथ मंदिर में उनके परिवार की कई पीढ़ियां ठाकुर जी की पूजा-अर्चना एवं सेवा करती आ रही हैं। वर्तमान में भी परिवार को ठाकुर जी की सेवा करने का सौभाग्य प्राप्त हो रहा है। उन्होंने बताया कि ढोल ग्यारस के अवसर पर प्रतिवर्ष ठाकुर जी की जल विहार यात्रा पूरे नगर में धूमधाम से निकाली जाती है।
आयोजन को सफल बनाने में नगरवासियों का विशेष सहयोग रहा। वहीं भौंती थाना प्रभारी घनश्याम सिंह भदौरिया के नेतृत्व में पुलिस प्रशासन तथा ग्राम पंचायत की ओर से भी व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग किया गया।