सिमडेगा की रेशमा लकड़ा ने KBC में जिले की पहचान बनाई
सिमडेगा: झारखंड के सिमडेगा जिले की बेटी रेशमा लकड़ा ने कौन बनेगा करोड़पति के 31वें एपिसोड में अपने आत्मविश्वास और बेबाक अंदाज से सभी का ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने शो में सिमडेगा की हॉकी परंपरा, आदिवासी संस्कृति और जिले की खासियत को बड़े मंच पर प्रस्तुत किया। अमिताभ बच्चन ने भी उनकी बातों से प्रभावित होकर जिले के बारे में जानकारी ली।
रेशमा लकड़ा, जो बड़की छापर गांव की रहने वाली हैं और वर्तमान में सामाजिक वानिकी विभाग में प्रधान वनरक्षी के पद पर कार्यरत हैं, ने भारतीय हॉकी खिलाड़ी सलीमा टेटे का भी उल्लेख किया, जो उनके गांव की ही हैं। रेशमा ने बताया कि उनका चयन लखनऊ में हुए ऑडिशन के बाद हुआ और 9 सितंबर को वे मुंबई पहुंचीं जहाँ उन्होंने 10 और 12 सितंबर को KBC के कार्यक्रम में भाग लिया। उनके आत्मविश्वास भरे संवाद "सिमडेगा की मैं छोरी हूं, सब पर भारी पड़ूंगी" की खूब चर्चा हो रही है।