उत्तर प्रदेश के रायबरेली में विदेश भेजने के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले गिरोह के खिलाफ लालगंज पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने फर्जी वीजा और हवाई टिकट बनाकर लोगों को ठगने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि गिरोह ने विदेश में नौकरी दिलाने का झांसा देकर करीब 100 लोगों से ठगी की। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लैपटॉप, मोबाइल फोन, पासपोर्ट, एटीएम कार्ड और एक कार समेत कई सामान बरामद किए हैं। मामला रायबरेली के लालगंज थाना क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक, पीड़ित सूर्यपाल यादव ने शिकायत की थी कि न्यू बैसवारा टूर एंड ट्रैवल्स के संचालक और उसके सहयोगियों ने अजरबैजान, रूस समेत अन्य देशों में नौकरी दिलाने के नाम पर उनसे 40 हजार रुपये ऑनलाइन और 50 हजार रुपये नकद लिए हैं। इसके बाद उन्हें फर्जी वीजा और हवाई टिकट देकर ठगी की गई। पीड़ित के मुताबिक, गिरोह ने करीब 100 अन्य लोगों से भी विदेश भेजने के नाम पर धनराशि हड़पी है। शिकायत के आधार पर लालगंज थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर लालगंज-डलमऊ मार्ग स्थित न्यू बैसवारा टूर एंड ट्रैवल्स कार्यालय के पास से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिहार के सिवान जिले के निवासी किशन कुमार मिश्रा और कुशीनगर जिले के निवासी अमित कुमार तिवारी के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो लैपटॉप, नौ मोबाइल फोन, दो पासपोर्ट, छह एटीएम कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, मतदाता पहचान पत्र, 3,100 रुपये नकद और एक सुजुकी अर्टिगा कार बरामद की है।