*शारदीय नवरात्रि के अष्टम दिवस पर मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत बाल विवाह एवं महिला-बालिका संबंधी अपराधों के प्रति जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित*
रायबरेली, 18 अक्टूबर 2026
जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका के कुशल निर्देशन एवं जिला प्रोबेशन अधिकारी शक्ति त्रिपाठी के नेतृत्व में महिला कल्याण विभाग, रायबरेली द्वारा ग्राम पंचायत सचिवालय, सेहगो पश्चिम में मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में चाइल्ड हेल्पलाइन रायबरेली, थाना एएचटीयू (मानव तस्करी रोधी इकाई), थाना बछरावां की टीम एवं ग्राम प्रधान ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम में ग्रामीणों, महिलाओं एवं बालिकाओं को बाल विवाह के दुष्परिणामों, कानूनी प्रावधानों, महिला-बालिका सुरक्षा, बाल अधिकारों तथा महिला कल्याण विभाग की योजनाओं के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही, हिंसा, उत्पीड़न, बाल श्रम एवं मानव तस्करी जैसी घटनाओं की सूचना संबंधित विभाग को देने की अपील की गई।
चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, महिला हेल्पलाइन 181 एवं आपातकालीन सहायता नंबर 112 की जानकारी देते हुए जरूरतमंद बच्चों एवं महिलाओं को समय पर सहायता उपलब्ध कराने के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के अंत में बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण, महिला सशक्तीकरण एवं बाल अधिकारों के संरक्षण हेतु जनसहभागिता की अपील की गई। इसके अतिरिक्त महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के प्रति जागरूक किया गया।
महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित योजनाओं एवं सहायता सेवाओं की जानकारी देते हुए बताया गया कि महिलाओं एवं बच्चों के साथ हिंसा, उत्पीड़न, शोषण, बाल श्रम, बाल तस्करी अथवा किसी अन्य प्रतिकूल परिस्थिति की जानकारी मिलने पर संबंधित विभाग को तत्काल सूचित करना चाहिए, ताकि समय रहते आवश्यक सहायता एवं संरक्षण उपलब्ध कराया जा सके।