*महिला सुरक्षा संकल्प कार्यक्रम के तहत नारायण विहार थाने में जागरूकता संगोष्ठी सम्पन्न*
जयपुर से कमलेश आमेटा
जयपुर, 8 जुलाई। पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार महिला सुरक्षा संकल्प कार्यक्रम के अंतर्गत आज नारायण विहार थाना द्वारा महिला सुरक्षा एवं साइबर जागरूकता विषय पर एक प्रभावी संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों एवं विभिन्न संस्थानों के प्रतिनिधियों ने महिलाओं, छात्राओं एवं आमजन को सुरक्षा, कानून और डिजिटल सतर्कता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की।
कार्यक्रम में एडीसीपी साउथ ललित शर्मा, एडीसीपी एसआईयूसीएडब्ल्यू जिज्ञासा पूनिया, एसीपी मानसरोवर हेमेन्द्र शर्मा, थानाधिकारी नारायण विहार गुंजन सोनी, भारतीय स्टेट बैंक से सज्जन जी एवं अलका जी, तथा जोबनेर की प्राचार्य संजू चौधरी विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
वक्ताओं ने महिला सुरक्षा एवं सम्मान, साइबर सुरक्षा, बैंकिंग एवं वित्तीय धोखाधड़ी से बचाव, साइबर अपराध की शिकायत के लिए 1930 हेल्पलाइन, महिला हेल्पलाइन 1090, राजकॉप ऐप के उपयोग, डिजिटल युग में फर्जी समाचारों की पहचान, रील और वास्तविक जीवन के अंतर, बाल सुरक्षा, बच्चों के विरुद्ध अपराधों की रोकथाम तथा पॉक्सो अधिनियम के प्रावधानों पर विस्तार से जानकारी दी।
अधिकारियों ने उपस्थित महिलाओं एवं छात्राओं से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि, साइबर ठगी अथवा महिला उत्पीड़न की घटना होने पर तत्काल पुलिस एवं संबंधित हेल्पलाइन से संपर्क करें। साथ ही उन्होंने कहा कि जागरूकता ही अपराधों की रोकथाम का सबसे प्रभावी माध्यम है और समाज की सक्रिय भागीदारी से महिलाओं एवं बच्चों के लिए सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित किया जा सकता है।
संगोष्ठी के दौरान प्रतिभागियों ने भी उत्साहपूर्वक प्रश्न पूछे, जिनका विशेषज्ञों द्वारा विस्तार से समाधान किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में महिला सुरक्षा के प्रति विश्वास बढ़ाना, साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता फैलाना तथा नागरिकों को कानून एवं सुरक्षा उपायों से जोड़ना रहा।