रसोइयों के मानदेय में बढ़ोतरी, ₹5 लाख तक कैशलेस इलाज की सुविधा
देवरिया, 23 अगस्त। प्रधानमंत्री पोषण योजना के तहत विद्यालयों में कार्यरत रसोइयों के सम्मान और सामाजिक सुरक्षा को लेकर शनिवार को जनपद मुख्यालय पर रसोइया सम्मान समारोह आयोजित किया गया। लखनऊ में आयोजित प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी कार्यक्रम में उपस्थित रसोइयों और शिक्षकों को दिखाया गया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के 3.53 लाख से अधिक रसोइयों के लिए चार महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। इसके तहत रसोइयों का मासिक मानदेय ₹2,000 से बढ़ाकर ₹3,000 करने, मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा योजना के तहत ₹5 लाख तक निःशुल्क कैशलेस उपचार की सुविधा देने, परिधान अनुदान को ₹500 से बढ़ाकर ₹1,000 करने तथा भारतीय स्टेट बैंक के माध्यम से ₹2 लाख का निःशुल्क दुर्घटना बीमा उपलब्ध कराने की घोषणा की गई।
कार्यक्रम के दौरान रसोइयों को प्रतीकात्मक रूप से कैशलेस चिकित्सा कार्ड और बढ़े हुए मानदेय का चेक वितरित किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए सदर विधायक शलभ मणि त्रिपाठी ने कहा कि रसोइया बहनें विद्यालयों में बच्चों को भोजन उपलब्ध कराने के साथ उनके स्वास्थ्य और पोषण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। सरकार उनके सम्मान, स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने रसोइयों से भोजन की गुणवत्ता और विद्यालय की स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने की अपील की।
पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष/प्रशासक पंडित गिरीश चंद्र तिवारी ने कहा कि रसोइयों का योगदान केवल भोजन बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि वे बच्चों के स्वस्थ भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह ने कहा कि मानदेय में वृद्धि और चिकित्सा सुविधा से रसोइयों एवं उनके परिवारों को आर्थिक और स्वास्थ्य सुरक्षा मिलेगी।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. राम जियावन मौर्य ने कहा कि मध्यान्ह भोजन योजना के सफल संचालन में रसोइयों की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने रसोइयों से रसोईघर में साफ-सफाई और बच्चों को स्वच्छ एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान देने की अपील की।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में रसोइया, शिक्षक एवं अधिकारी मौजूद रहे। रसोइयों को रक्षाबंधन के अवसर पर दो साड़ी उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जानकारी भी दी गई।
Dr. Shalabh Mani Tripathi
#Deoria #DeoriaNews #RasoiyaSammanSamaroh #MidDayMeal #CMYogi #Rasoiya #CashlessTreatment #DeoriaPost #उत्तरप्रदेश
Salempur, Deoria | Aug 23, 2026