बच्चे की हालत देख रुके डीएम, तत्काल कराया इलाज का इंतजाम
#देवरिया। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी शुक्रवार को सड़क एवं अन्य निर्माण कार्यों का जायजा लेने निकले थे। इस दौरान सोनूघाट चौराहे पर उन्होंने आमजन से संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली।
इसी बीच जिलाधिकारी की नजर एक आठ-नौ वर्षीय बच्चे पर पड़ी, जिसे उसके अभिभावक चिकित्सकीय जांच के लिए ले जा रहे थे। बच्चे की हालत को देखकर जिलाधिकारी ने तत्काल रुककर अभिभावकों से उसके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। अभिभावकों ने बताया कि बच्चा अक्सर मूर्छित हो जाता है और उसे चिकित्सकीय जांच के लिए ले जाया जा रहा है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने तत्काल मेडिकल कॉलेज के अधिकारियों से वार्ता की और बच्चे के समुचित उपचार तथा आवश्यक जांच कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सीटी स्कैन सहित जरूरी चिकित्सकीय जांच तत्काल कराने को कहा और बच्चे को मेडिकल कॉलेज भेजवाने की व्यवस्था कराई।
जिलाधिकारी की इस संवेदनशील पहल की मौके पर मौजूद लोगों ने सराहना की। लोगों ने कहा कि जिलाधिकारी ने मानवीय संवेदना का परिचय देते हुए बच्चे के उपचार के लिए जिस तत्परता से पहल की, वह अत्यंत सराहनीय है। आमजन ने जिलाधिकारी के प्रति आभार भी व्यक्त किया।