संपत्ति के लिए भाई का कत्ल? मां ने दूसरे बेटे पर लगाया हत्या का आरोप, गले पर मिले रस्सी के निशान
शाहजहांपुर थाना क्षेत्र खुटार के ग्राम कढ़ेया में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने सनसनी फैला दी। मृतक की मां ने अपने ही दूसरे बेटे पर भाई की हत्या का गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया कि संपत्ति विवाद को लेकर उसके बेटे हरिओम को मौत के घाट उतारा गया। आरोप सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है।
मृतक की पहचान हरिओम पुत्र गजराज निवासी ग्राम कढ़या के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि गजराज के चार बेटे भुजबल, अखिलेश, आदेश और हरिओम थे। हरिओम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद उसकी मां उषा देवी ने दूसरे बेटे पर हत्या का आरोप लगाकर पुलिस से मामले की गंभीरता से जांच करने की मांग की।
मामले ने उस समय और गंभीर रूप ले लिया, जब मृतक के गले पर
रस्सी के निशान पाए जाने की बात सामने आई। हालांकि ग्रामीणों का कहना है कि हरिओम मानसिक रूप से परेशान रहता था और पिता की मृत्यु के बाद उसकी स्थिति और खराब हो गई थी। ऐसे में युवक की मौत के पीछे असल वजह क्या रही, यह जांच का विषय बना हुआ है। सूचना मिलते ही सीओ प्रवीण मलिक, थाना प्रभारी खुटार लोकेंद्र कुमार त्यागी और हल्का दरोगा सोहनलाल बालियान भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। वही फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी लोकेंद्र कुमार त्यागी ने शव का पैनल से पोस्टमार्टम कराने का निर्णय लिया। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। थाना प्रभारी निरीक्षक का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर ही मौत की असली वजह स्पष्ट होगी। अभी तहरीर नहीं मिली है।
फिलहाल मां द्वारा बेटे की हत्या के आरोप दूसरे बेटे पर लगाए जाने से पूरे मामले को उलझा दिया है। पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है वही पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।
Hardoi, Hardoi | Oct 1, 2026